मुझे फिर भी बेस्ट कैच का अवॉर्ड नहीं मिला- धोनी ने बातों ही बातों में कह डाली बड़ी बात
इस मुकाबले में धोनी ने हैदराबाद के कप्तान एडिन मार्करम के मुश्किल कैच को बड़ी आसानी से लपका।
अद्यतन - अप्रैल 22, 2023 11:46 पूर्वाह्न

दुनिया के बेहतरीन विकेटकीपरों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों आईपीएल खेलने में व्यस्त हैं। उनकी बल्लेबाजी से लेकर कप्तानी और विकेटकीपिंग की फैन पूरी दुनिया है। वह विकेट के पीछे भी काफी एक्टिव रहते हैं। स्टंपिंग और विकेटकीपिंग के मामले में वे अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों को चौंका देते हैं।
वहीं इंडियन प्रीमियर लीग के 16 वें सीजन में महेंद्र सिंह धोनी ने बेस्ट कैच अवार्ड को लेकर बड़ी बात कह डाली है। उन्होंने बातों-बातों में यह इशारा कर दिया कि उन्हें विकेट के पीछे लिए गए कैच के लिए अवार्ड नहीं मिलता। दरअसल शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि क्यों उन्हें दुनिया का बेहतरीन विकेटकीपर माना जाता है।
बता दें इस मुकाबले में धोनी ने हैदराबाद के कप्तान एडिन मार्करम के मुश्किल कैच को बड़ी आसानी से लपका। साथ ही इसके अलावा उन्होंने मयंक अग्रवाल को जितनी तेजी से स्टंप किया वह शानदार था। उन्होंने बल्लेबाज को सोचने-समझने का भी समय नहीं दिया।
इस तरह के कैच लेने के बाद भी मुझे बेस्ट कैच का अवॉर्ड नहीं मिला- महेंद्र सिंह धोनी
वहीं मैच के बाद जब धोनी से विकेट के पीछे उनके कैच और स्टंप के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि, इस तरह के कैच लेने के बाद भी उन्होंने मुझे बेस्ट कैच का अवॉर्ड नहीं दिया। मैं कितनी गलत पोजिशन में भी था। सिर्फ इसलिए कि हम ग्लव्स पहनते हैं तो लोग सोचते हैं कि यह बहुत आसान है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मुझे लगता है कि यह शानदार कैच था लेकिन केवल आपकी क्षमता के कारण आप गलत स्थान पर, गलत टाइम पर होते हैं और फिर भी आप कैच कर लेते हैं। वहीं उन्होंने राहुल द्रविड़ के बारे में बात करते हुए कहा कि, बहुत समय पहले भी ऐसा देखने को मिला है।
दरअसल मुझे अब भी याद है कि एक मैच में राहुल द्रविड़ विकेटकीपिंग कर रहे थे, तब राहुल भाई ने भी इसी तरह का एक कैच लपका था। अपने स्किल से आप इस तरह का कैच नहीं पकड़ सकते हैं और ऐसा कैच पकड़ने के लिए आपको गलत पोजीशन में होना पड़ता है।