ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सचिन तेंदुलकर ने शारजाह में खेली ऐतिहासिक पारी के 25 साल हुए पूरे, भारतीय क्रिकेटर ने मुंबई में फैंस के साथ मनाया इसका जश्न
सचिन तेंदुलकर ने मुंबई के एक इवेंट में केक काटकर इसका जश्न मनाया। इस इवेंट में उनके साथ कई फैंस भी मौजूद थे।
अद्यतन - Apr 22, 2023 4:32 pm

भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को दुनिया के बेहतरीन क्रिकेटर्स में गिना जाता है। यही नहीं उन्हें ‘गॉड ऑफ क्रिकेट’ भी कहा जाता है। सचिन तेंदुलकर ने अपने क्रिकेटिंग करियर में कई ऐसी पारियां खेली जो लोगों को आज भी याद है। इन्हीं पारियों में से एक है शारजाह में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई 143 रनों की पारी जिसके बाद सचिन तेंदुलकर की दहशत पूरी दुनिया में फैल गई थी।
22 अप्रैल, 1998 में भारत, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच त्रिकोणीय सीरीज खेली जा रही थी। इस त्रिकोणीय सीरीज में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच मैच खेला गया जिसमें कंगारू टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 284 रन बनाए। हालांकि इसके बाद वहां रेतीला तूफान आ गया और भारत को लक्ष्य मिला 46 ओवर में 276 रनों का।
सचिन तेंदुलकर ने इसके बाद मैदान पर उतरकर ऑस्ट्रेलिया के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और 131 गेंदों में 143 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इसी पारी को रेगिस्तानी तूफान (Desert Storm) पारी भी कहा जाता है। आज यानी 22 अप्रैल 2023 को इस पारी को कुल 25 साल हो गए हैं। सचिन तेंदुलकर ने मुंबई के एक इवेंट में केक काटकर इसका जश्न मनाया। इस इवेंट में उनके साथ कई फैंस भी मौजूद थे। यह उनकी इस पारी की 25वीं सालगिरह थी।
https://twitter.com/SSGamingchannel/status/1649705587092131841?s=20
सचिन तेंदुलकर की विस्फोटक पारी के बावजूद भारत उस मैच को अपने नाम नहीं कर पाया
बता दें, भले ही सचिन तेंदुलकर ने शारजाह में खेले गए उस मुकाबले में काफी अच्छी बल्लेबाजी की लेकिन उनकी पारी के अलावा कोई भी अन्य बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना पाया और इसी वजह से भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 26 रनों से हार गया।
तेंदुलकर के साथ बल्लेबाजी करने उतरे सौरव गांगुली मात्र 17 रन ही बना पाए और डेमियन फ्लेमिंग ने उनका विकेट चटकाया। मोहम्मद अजरुदीन, नयन मोंगिया और वीवीएस लक्ष्मण भी निजी स्कोर में आउट हो गए। भले ही भारत उस मैच को अपने नाम ना कर पाया हो लेकिन सचिन तेंदुलकर की यह पारी लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट की बेहतरीन पारियों में गिनी जाती है।