‘Good Job Guys’- GT के खिलाफ मिली जीत के बाद ऋषभ पंत ने अपनी टीम के लिए लिखा खास मैसेज
दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ 5 रनों से जीत दर्ज की।
अद्यतन - May 3, 2023 11:12 am

आईपीएल 2023 के पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने टेबल टॉपर गुजरात टाइटंस के खिलाफ 5 रनों से शानदार जीत हासिल की। दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 130 रन बोर्ड लगाए थे।
दिल्ली कैपिटल्स के शानदार गेंदबाजी के चलते गुजरात टाइटंस 20 ओवर के अंत में 125 रन ही बना पाई। इसी बीच दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी ऋषभ पंत ने टीम की धमाकेदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
ऋषभ पंत ने टीम के लिए दिखाया प्यार
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही थी। लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या ने टीम की जिम्मेदारी संभालते हुए 53 गेंदो में 59 रनों नाबाद की पारी खेली। राहुल तेवतिया ने 19वें ओवर में लगातार तीन छक्के जड़ जीत की उम्मीदों को कायम रखा था, लेकिन फिर भी टीम को अंत में हार का सामना करना पड़ा।
कप्तान डेविड वॉर्नर ने आखिरी ओवर में गेंद अनुभवी गेंदबाज इशांत शर्मा को थमाई और इशांत शर्मा ने टीम को निराश होने का मौका नहीं दिया। 12 रनों का बचाव करते हुए इशांत शर्मा ने राहुल तेवतिया को 20 रनों के व्यक्तिगत स्कोर पर पवेलियन भेजा और टीम को जीत दिलाई। दिल्ली कैपिटल्स की इस शानदार जीत से ऋषभ पंत काफी ज्यादा खुश नजर आ रहे हैं।
आपको बता दें ऋषभ पंत पिछले साल कार एक्सीडेंट में बुरी तरह घायल हो गए थे। जिसके चलते वह आईपीएल के इस सीजन से बाहर है, लेकिन अपनी टीम को सपोर्ट करने से पीछे नहीं रहते हैं। ऋषभ पंत ने दिल्ली के जीत के बाद अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी साझा की, स्टोरी में ऋषभ पंत ने टेलिविजन स्क्रीन की तस्वीर डाली है, जिसमें इशांत शर्मा के आंकड़ो का उल्लेख है। ऋषभ पंत ने स्टोरी में लिखा है- ‘Good Job Guys’।
यहां देखें ऋषभ पंत द्वारा साझा की गई इंस्टा स्टोरी-

दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के इस सीजन में काफी ज्यादा निराशाजनक प्रदर्शन करती हुई नजर आ रही थी। टीम को शुरूआती पांच मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद टीम ने वापसी करते हुए लगातार दो मुकाबलों में रोमांचक जीत हासिल की थी।
लेकिन टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 9 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। जिसके बाद टीम ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ शानदार खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की, दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम इस वक्त आत्मविश्वास से भरी हुई होगी।