आईपीएल 2023: रिद्धिमान साहा ने आईपीएल में हासिल की खास उपलब्धि, एमएस धोनी के एलिट क्लब में हुए शामिल
रिद्धिमान साहा ने 2 मई को आईपीएल में 100 कैच पूरे किए।
अद्यतन - मई 3, 2023 10:27 पूर्वाह्न

गुजरात टाइटंस (GT) को भले ही 2 मई को जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 के 44वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ पांच रनों की मात झेलनी पड़ी, लेकिन अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज रिद्धिमान साहा इस मैच में एक शानदार उपलब्धि हासिल करने में कामयाब रहे।
भारतीय विकेटकीपर साहा ने जारी आईपीएल 2023 के इस GT vs DC मैच में मोहम्मद शमी की गेंद पर रिले रोसौव, मनीष पांडे और प्रियम गर्ग के तीन कैच लपके, और इसी के साथ उन्होंने एमएस धोनी की एलिट लिस्ट में अपनी दावेदारी ठोक दी। दरअसल, रिद्धिमान साहा दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ तीन कैच लपककर आईपीएल के इतिहास में तीसरे सबसे सफल विकेटकीपर बन गए हैं।
रिद्धिमान साहा आईपीएल में 100 से ज्यादा कैच लेने वाले तीसरे विकेटकीपर बने
वह आईपीएल में 100 या इससे अधिक कैच लेने वाले एमएस धोनी (178) और दिनेश कार्तिक (169) के बाद तीसरे विकेटकीपर बने। आपको बता दें, रिद्धिमान साहा ने 153 आईपीएल मैचों में 79 कैच और 23 स्टंपिंग (कुल 102 कैच) दर्ज किए हैं। अगर मैच की बात करे तो, खलील अहमद ने गुजरात टाइटंस (GT) की पारी के पहले ओवर की आखिरी गेंद पर साहा को शून्य पर आउट किया था। साहा ने जारी आईपीएल 2023 में अब तक 9 मैचों में 123.77 की स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए हैं।
आपको बता दें, इस समय टीम इंडिया से बाहर चल रहे 38-वर्षीय बंगाल के क्रिकेटर 2008 से आईपीएल में खेल रहे हैं, और अब तक कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR), पंजाब किंग्स (PBKS), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेल चुके हैं।
वहीं दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ करीबी हार के बावजूद गुजरात टाइटंस (GT) आईपीएल 2023 की अंकतालिका में 12 अंको के साथ शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि डेविड वार्नर की टीम इस जीत के बाद भी 6 अंको के साथ दसवें स्थान पर ही है। गुजरात का इस सीजन में अगला मैच राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ 5 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में है, वहीं दिल्ली 6 मई को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से अपने घरेलू मैदान अरुण जेटली स्टेडियम में भिड़ेगी।