GT के खिलाफ हारने के बाद बल्लेबाजों पर फूटा संजू सैमसन का गुस्सा, कहा- ज्यादा कुछ नहीं कर सकते तो……
संजू सैमसन ने कहा कि, खराब बल्लेबाजी के कारण टीम यह मैच बुरी तरह हार गई।
अद्यतन - May 7, 2023 12:08 pm

आईपीएल 2023 के 48 वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को करारी शिकस्त दी। यह मुकाबला जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला गया। बता दें टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला राजस्थान की टीम पर भारी पड़ गया। दरअसल पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 17.5 ओवर में मात्र 118 रन ही बनाए।
इस टीम की ओर से कप्तान संजू सैमसन को छोड़कर किसी भी खिलाड़ी ने अच्छी पारी नहीं खेली। राजस्थान की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और नतीजा यह रहा कि टीम को हार का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात की टीम ने 14वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली।
स्पिनर्स के खिलाफ हमने काफी संघर्ष किया- संजू सैमसन
वहीं गुजरात टाइटंस से मिली 9 विकेट से हार के बाद संजू सैमसन अपनी टीम के बल्लेबाजों पर गुस्सा करते नजर आए। उनका कहना था कि, खराब बल्लेबाजी के कारण टीम यह मैच बुरी तरह हार गई। दरअसल मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में संजू सैमसन ने कहा कि, हमारे लिए यह मुश्किल रात थी। शुरुआत में हमने पॉवरप्ले में अच्छी बल्लेबाजी नहीं की और फिर स्पिनर्स के खिलाफ भी हमने काफी संघर्ष किया।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि, उनके गेंदबाज अच्छी लाइन और लेंथ से गेंदबाजी कर रहे थे और बीच के ओवरों में भी कुछ महत्वपूर्ण विकेट भी ले रहें थे और जब ऐसा होता है तो फिर आप ज्यादा कुछ नहीं कर सकते। हालांकि हमें आगे क्या करना है इस पर अब ध्यान देगा होगा और साथ ही यह देखना होगा कि क्या हम वास्तव में अच्छी क्रिकेट खेल रहे हैं?
संजू सैमसन ने कहा कि, हमें अब तैयार रहना होगा क्योंकि आगे अब कुछ महत्वपूर्ण गेम होने वाले हैं और ऐसे में हम अगले कुछ हफ्तों में गेम जीतने की उम्मीद कर रहे हैं। बता दें पॉइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स चौथे स्थान पर और गुजरात टाइटंस पहले स्थान पर है।