आईपीएल 2023: 15 सालों से भरोसे पर टिका हुआ है RCB के साथ विराट कोहली का रिश्ता
विराट कोहली जारी आईपीएल 2023 में 11 मैचों में 420 रनों के साथ ऑरेंज कैप जीतने की रेस में पांचवें स्थान पर हैं।
अद्यतन - मई 13, 2023 10:27 पूर्वाह्न

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की शुरुआत साल 2008 में हुई थी, तब विराट कोहली केवल अंडर-19 क्रिकेट खेलकर आए थे और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने आधुनिक युग के बेस्ट बल्लेबाजों में से एक की प्रतिभा को पहचान कर उन्हें लंबे समय के लिए साइन किया था।
तब से लेकर आज तक पूर्व भारतीय कप्तान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) से जुड़े हुए हैं, जबकि उनके पास अन्य फ्रेंचाइजियों से जुड़ने के कई मौके थे, खासकर तब जब वह क्रिकेट जगत में एक ब्रांड बन गए थे। हालांकि, विराट कोहली ने ऐसा नहीं किया, और आज की तारीख तक आईपीएल में उन्होंने अब तक 234 मैच RCB के लिए खेले हैं, जिसमें उन्होंने 7044 रन बनाए हैं, और फ्रेंचाइजी को तीन बार टूर्नामेंट के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में मदद की।
RCB के लिए हर साल खेलना हमेशा बहुत रोमांचक होता है: विराट कोहली
इस बीच, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के साथ अपने 15 साल के एसोसिएशन के बारे में बात करते हुए दिल्ली में जन्मे क्रिकेटर ने कहा कि RCB के साथ उनका रिश्ता दोनों तरफ से विश्वास पर आधारित है, और एक-दूसरे के भरोसे पर टिका हुआ है। 34-वर्षीय बल्लेबाज ने आगे कहा कि वह भाग्यशाली हैं कि उन्हें आईपीएल के पहले दिन से RCB का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, और वह प्रशंसकों के साथ एक मजबूत रिश्ता महसूस करते हैं।
विराट कोहली ने News18 के हवाले से कहा: “मैं वास्तव में बहुत भाग्यशाली महसूस करता हूं कि आईपीएल के पहले दिन से मैं केवल एक फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहा हूं। यह मेरे और RCB दोनों की ओर से विश्वास और भरोसे पर टिका एक निरंतर संबंध रहा है कि हम एक ही चीज के लिए काम कर रहे हैं, और मैंने प्रशंसकों को मेरे साथ बहुत दिली रूप से जुड़ते हुए देखा है, जो इस तथ्य के कारण है कि हम सही कारणों से खेल खेलते हैं।
मैं इतने लंबे समय तक RCB का हिस्सा रहने के लिए वास्तव में बहुत सम्मानित और भाग्यशाली महसूस कर रहा हूं। RCB और बेंगलुरु ऐसी जगह है, जहां मुझे हर साल आना और फिर से आईपीएल की यात्रा शुरू करना बहुत पसंद है। तो, यह हमेशा बहुत रोमांचक होता है।”