‘वह हार नहीं मानते GT खुशकिस्मत है कि उनके पास राशिद खान हैं’- अफगानी प्लेयर की तारीफ करते नहीं थक रहे मोहम्मद कैफ
राशिद खान ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 32 गेंदो में 79 रनों की पारी खेली थी।
अद्यतन - May 14, 2023 1:07 pm

आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस की टीम इस सीजन भी शानदार प्रदर्शन दिखाती हुई नजर आ रही है। GT इस वक्त पॉइंट्स टेबल में 16 अंको के साथ टीम पहले पायदान पर विराजमान है। टूर्नामेंट के बचे मुकाबलों में जीत दर्ज कर टीम टॉप-2 में लीग स्टेज को खत्म करना चाहेगी।
गुजरात टाइटंस को पिछले मुकाबले में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 रनों हार का सामना करना पड़ा था। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 218 रन बोर्ड पर लगाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस 20 ओवर के अंत तक 191 रन ही बना पाई थी।
राशिद खान ने 79 रनों की नाबाद पारी खेली थी। राशिद खान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से पहले गेंदबाजी के दौरान अपने स्पेल में 30 रन देकर 4 विकेट भी ले चुके थे। राशिद खान के शानदार फॉर्म पर पूर्व भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद कैफ ने हाल ही में बड़ा बयान दिया है।
राशिद सिर्फ अच्छे गेंदबाज नहीं बल्लेबाज भी है- मोहम्मद कैफ
मुंबई इंडियंस के खिलाफ लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस काफी ज्यादा मुसीबत में थी। रिद्धिमान साहा, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या जैसे बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। जिसके बाद विजय शंकर और राहुल तेवतिया जैसे बल्लेबाज भी कुछ कमाल नहीं दिखा पाए। गुजरात 103 रनों पर 8 विकेट गंवा चुकी थी। जिसके बाद राशिद खान ने टीम की पारी को संभालते हुए 32 गेंदो में 10 छक्के और 3 चौको की मदद से 79 रनों की नाबाद पारी खेली।
नौवें विकेट के लिए राशिद खान ने अलजारी जोसेफ के साथ 88 रनों की साझेदारी भी निभाई। जिसके चलते गुजरात टाइटंस लक्ष्य के करीब पहुंच पाई। मैच के बाद पूर्व भारतीय खिलाड़ी और क्रिकेट कमेंटटेटर मोहम्मद कैफ का कहना है कि गुजरात टाइटंस बहुत खुशकिस्मत है कि उनके पास राशिद खान जैसा खिलाड़ी है।
मोहम्मद कैफ ने स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए कहा, ‘गुजरात टाइटंस बहुत खुशकिस्मत है कि उनके पास राशिद खान जैसे खिलाड़ी है। वह सिर्फ एक खास गेंदबाज नहीं बल्कि खास बल्लेबाज भी है। वह कभी हार नहीं मानते हैं। भगवान गुजरात पर मेहरबान है क्योंकि उनके पास राशिद खान जैसा वर्ल्ड-क्लास क्रिकेटर है।’ राशिद खान आईपीएल 2023 के इस सीजन में अब तक 12 मैचों में 23 विकेट ले चुके हैं। पर्पल कैप की रेस में राशिद खान इस वक्त सबसे आगे हैं।