PBKS को हराने के बाद भी खुश नहीं हैं संजू सैमसन, कहा- देखकर हैरानी हो रही है कि हम पॉइंट्स टेबल में कहां हैं
संजू सैमसन ने कहा कि, यह देख कर हैरान हूं कि इस समय हम अंक तालिका में कहां खड़े हैं।
अद्यतन - May 20, 2023 1:17 pm

आईपीएल 2023 के शुरुआत के कुछ मैचों में राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। यह सबसे मजबूत टीमों में से एक मानी जा रही थी। लेकिन पिछले कुछ मैचों में इस टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा जिसका नतीजा यह हुआ कि प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए इस टीम को अब दूसरी टीमों पर निर्भर होना पड़ेगा।
वहीं आईपीएल 2023 के 66 वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हराया। बता दें मैच खत्म होने के बाद इस टीम के कप्तान संजू सैमसन ने अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर बात की। साथ ही प्लेऑफ को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि उन्हें यह देखकर हैरानी हो रही है कि उनकी टीम पॉइंट्स टेबल में कहां खड़ी है।
यह देख कर हैरान हूं कि हम अंक तालिका में कहां खड़े हैं- संजू सैमसन
दरअसल वह पंजाब किंग्स के खिलाफ मिली जीत के बाद भी निराश नजर आए। बता दें प्रेजेंटेशन सेरेमनी में संजू सैमसन ने कहा कि, हम एक बेहतरीन टीम है लेकिन यह देख कर हैरान हूं कि इस समय हम अंक तालिका में कहां खड़े हैं।
इसके साथ ही उन्होंने नेट रन रेट को लेकर भी बात की। दरअसल राजस्थान को यह मुकाबला 18.3 ओवर में जीतना था क्योंकि अगर ऐसा होता तो इस टीम का नेट रन रेट रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर से बेहतर हो जाता। लेकिन ऐसा हो नहीं सका। राजस्थान यह मुकाबला 19.4 ओवर में जीत पाई।
वहीं इसको लेकर संजू सैमसन नाखुश नजर आए और उन्होंने कहा कि, आखिर में हमें ऐसा लग रहा था कि हम 18.5 ओवर में इस मुकाबले को जीत लेंगे क्योंकि शिमरोन हेटमायर उस समय काफी बेहतरीन शॉट्स खेल रहे थे। साथ ही 90 प्रतिशत हमें भरोसा रहता है कि ट्रेंट बोल्ट हमें पहले ओवर में विकेट निकाल कर जरूर देंगे। हालांकि पिछले कुछ मैचों से हम दवाब में हैं।