IPL 2023: ‘ड्रेसिंग रूम का माहौल खराब नहीं करना चाहता’- बीच सीजन दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी को लेकर बोले अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2023 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं अक्षर पटेल
अद्यतन - May 20, 2023 7:57 pm

आईपीएल 2023 दिल्ली कैपिटल्स के लिए कुछ खास नहीं रहा है। बता दें कि इस सीजन टीम ने खेले गए 14 मैचों में से पांच में जीत दर्ज की, जबकि उसे 9 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। टीम इस वक्त 10 अंको के साथ पाॅइंट टेबल में नौवें स्थान पर मौजूद है।
तो वहीं इस सीजन दिल्ली कैपिटल्स मैनेजमेंट ने सड़क दुर्घटना में घायल ऋषभ पंत की जगह ऑस्ट्रेलिया टीम के बाएं हाथ के दिग्गज बल्लेबाज डेविड वाॅर्नर को टीम की कमान सौंपी। लेकिन सीजन के दौरान वाॅर्नर अपनी कप्तानी से कुछ खास प्रभावित नहीं कर पाए थे।
ऐसे में क्रिकेट जगत और पूर्व खिलाड़ियों द्वारा इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि दिल्ली फ्रेंचाइजी का मैनेजमेंट बीच सीजन अक्षर पटेल को टीम की कमान सौंप सकता है। लेकिन अक्षर ने खुद अब इस बात को लेकर बड़ा बयान देते हुए अपनी बात रखी है।
अक्षर पटेल ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स की बीच सीजन कमान संभालने को लेकर अक्षर पटेल ने इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए कहा- मैं चालू सीरीज में किसी को कुछ नहीं बोलता। अगर मेरे पास कप्तानी आती भी तो मैं लेता नहीं।
अक्षर ने आगे कहा- जब आपकी टीम इस तरह के सीजन से गुजर रही होती है तो इस तरह के फैसले इसे और बुरा बना देते है। आपको अपने कप्तान और खिलाड़ी को बैक करने की जरूरत हैं और बीच सीजन में यह टीम के लिए अच्छा संदेश नहीं हैं।
मेरे कप्तानी संभालने के बाद सब कुछ चेंज नहीं हो जाता। ऐसा नहीं था कि एक बंदा खराब कर रहा था। इस बात में कप्तान क्या कर सकता है। मैंने कप्तानी के बारे में कभी बात नहीं की, लेकिन अगर मैं कप्तान बन गया, तो मैं सीजन के बीच में जिम्मेदारी नहीं लूंगा। मैं इसे लेने के बाद ड्रेसिंग रूम का माहौल खराब नहीं करना चाहता था।