काउंटी क्रिकेट खेलकर अपनी एनर्जी बर्बाद नहीं करना चाहते स्कॉट बोलैंड! - क्रिकट्रैकर हिंदी

काउंटी क्रिकेट खेलकर अपनी एनर्जी बर्बाद नहीं करना चाहते स्कॉट बोलैंड!

स्कॉट बोलैंड को भारत के खिलाफ WTC 2021-23 फाइनल और एशेज 2023 के पहले दो मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया के स्क्वॉड में शामिल किया गया है।

Scott Boland (Image Credit- Twitter)
Scott Boland (Image Credit- Twitter)

ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड ने कहा कि वह आगामी समर के लिए खुद को तरोराजा रखना चाहते थे इसलिए उन्होंने काउंटी क्रिकेट खेलने के अवसर को ठुकरा दिया। बोलैंड ने आगे कहा वह भारत के खिलाफ आगामी आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) 2021-23 फाइनल और बहु-प्रतीक्षित एशेज 2023 के लिए तैयारी कर रहे हैं, जहां वह अपने बेस्ट देना चाहते हैं।

स्कॉट बोलैंड ने cricket.com.au के हवाले से कहा: “मैं काउंटी क्रिकेट खेलना चाहता हूं, लेकिन मैं अपने शरीर को जानता हूं। अगर मैं एक ऐसे चरण में हूं, जहां मैं थक रहा हूं, तो मैं अपने शरीर को थकाना नहीं चाहूंगा, क्योंकि मैं अपने करियर को जितना हो सके उतने लंबे समय तक जारी रखना चाहता हूं।

मैं ऐसी गेंदों को फेंकने से बचता हूं, जो मेरे लिए इतनी महत्वपूर्ण नहीं होती जितनी कि विक्टोरिया या ऑस्ट्रेलिया के लिए गेंदबाजी करना। मैं ऑस्ट्रेलियाई समर में काफी तरोताजा होकर खेलना चाहता था। जब मैं तरोताजा होता हूं, तभी मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर पाता हूं। मुझे इस साल काउंटी क्रिकेट खेलने का मौका मिला था, लेकिन मैंने उस ऑफर को ठुकरा दिया, क्योंकि मैंने दो महीने में छह टेस्ट खेलने के लिए खुद को तरोताजा रखने को प्राथमिकता दी।

तेज गेंदबाजों के लिए सभी छह मैचों में खेलना मुश्किल होगा। लेकिन हां, मैं सभी मैचों में खेलने की तैयारी कर रहा हूं। मुझे नहीं पता कि मुझे कब मौका मिलेगा, यह शुरुआत में हो सकता है, या फिर सीरीज के बीच में हो सकता है। लेकिन मैं अपनी योजना तैयार कर रहा हूं, और जब भी वे मुझे मौका देंगे, मैं खेलने के लिए उत्साहित हूं।”

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और 2023 एशेज सीरीज के पहले दो टेस्ट मैचों के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम:

पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, कैमरून ग्रीन, मार्कस हैरिस, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंगलिस, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, नाथन लियोन, मिचेल मार्श, टॉड मर्फी, मैथ्यू रेनशॉ, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, डेविड वार्नर।

close whatsapp