शुभमन गिल की बल्लेबाजी पर हार्दिक पांड्या की बड़ी प्रतिक्रिया, कहा- कभी कभी हमें उन्हें बल्लेबाजी करने से रोकना पड़ता है
हार्दिक पांड्या का मानना था कि शुभमन गिल के बेहतरीन प्रदर्शन का कारण उनका आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत है।
अद्यतन - May 28, 2023 11:52 am

आईपीएल 2023 में गुजरात टाइटंस के खिलाड़ी शुभमन गिल का प्रदर्शन काफी शानदार रहा है। उन्होंने इस सीजन अब तक तीन शतक लगा दिए हैं। वहीं क्वालीफायर 2 मुकाबले में भी शुभमन गिल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शतक जड़ा और 129 रन बना डाले।
दरअसल शुभमन गिल दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं , जिन्होंने आईपीएल में 800 रन बनाए हो। उनसे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। वहीं शुभमन गिल के इस प्रदर्शन पर गुजरात के कप्तान हार्दिक पांड्या ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल उनका कहना है कि कभी-कभी उन्हें (शुभमन गिल) अधिक बल्लेबाजी करने से रोकना पड़ता है।
मैं गिल की बल्लेबाजी देखकर डर जाता हूं- हार्दिक पांड्या
इसके साथ ही हार्दिक पांड्या का मानना था कि शुभमन गिल के बेहतरीन प्रदर्शन का कारण उनका आत्मविश्वास और कड़ी मेहनत है। दरअसल क्वालीफायर 2 मुकाबला जीतने के बाद उन्होंने कहा कि, कभी-कभी हमें उन्हें अधिक बल्लेबाजी करने से रोकना पड़ता है। मैं उनकी बल्लेबाजी देखकर डर जाता हूं। जो आत्मविश्वास वह अपने साथ रखते हैं मुझे वह काफी पसंद हैं। यही बात ड्रेसिंग रूम में होती है।
वहीं क्वालीफायर 2 मुकाबले के बाद शुभमन गिल ने भी अपनी बल्लेबाजी को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि, आईपीएल के शुरुआत में मैं अच्छी शुरुआत कर रहा था लेकिन फिर मैं इसे बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सका था। इसलिए मुझे पता था कि एक शतक लगाने के बाद मैं लगातार बड़ी पारी खेल पाऊंगा। तब आप अलग तरह से सोचना और खेलना शुरू कर देते हैं और यही चीज मेरे लिए भी काम किया।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि, मुझे लगता है जब आप बहुत ज्यादा मैच खेलते हैं तो चीजें बदल जाती हैं। लेकिन आप इसे महसूस नहीं कर पाते क्योंकि खेलते समय आप कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे होते हैं। लेकिन अगर आप अपने बेसिक पर काम नहीं करते हैं तो हम सभी जानते हैं कि यह हमारे लिए कितना मुश्किल हो सकता है। अगर तीन मैच में आप रन नहीं बना पाते हैं तो आप सोचते हैं कि आप इस गेम में कहां हैं। इसलिए मैं अपने बेसिक पर काम करने की कोशिश करता हूं।