‘वो तीनों ऑस्ट्रेलिया के लिए अशुभ चेतावनी है’- WTC फाइनल से पहले रिकी पोंटिंग ने इन तीन खिलाड़ियों को लेकर कही बड़ी बात
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच WTC फाइनल 7 जून से 11 जून के बीच इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा।
अद्यतन - जून 1, 2023 12:37 अपराह्न

आईपीएल 2023 के समापन के बाद भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल की तैयारियों में जुट गई है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC फाइनल मुकाबले के लिए टीम इंडिया इंग्लैंड पहुंच कर जमकर पसीना बहाती हुई नजर आ रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल 7 जून से 11 जून के बीच इंग्लैंड के ओवल में खेला जाएगा।
WTC फाइनल से पहले मोहम्मद शमी, सिराज, विराट कोहली और शुभमन गिल जैसे खिलाड़ियों का शानदार फॉर्म भारत के लिए शुभ संकेत है। इसी बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी रिकी पोंटिंग ने उन तीन खिलाड़ियों को लेकर बड़ा बयान दिया जिसके चलते टीम इंडिया WTC फाइनल जीत सकती है।
विराट और पुजारा को लेकर रिकी पोंटिंग ने कही यह बात
विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के चौथे टेस्ट मैच में शतक जड़ा था। वहीं विराट कोहली आईपीएल में दो बैक टू बैक शतक जड़ते हुए नजर आए। WTC फाइनल में टीम इंडिया के लिए विराट कोहली अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाते हुए नजर आ सकते हैं।
रिकी पोटिंग ने ICC रिव्यू पर बात करते हुए कहा, ‘इसमें कोई शक नहीं कि ऑस्ट्रेलियाई टीम विराट के बारे में बात करेगी और वे पुजारा के बारे में बात करेंगे। पुजारा अतीत में ऑस्ट्रेलिया के लिए एक कांटा रहे हैं। विकेट संभवतः ऑस्ट्रेलियाई पिच की तरह रहने वाली है।’
‘वह जानते हैं कि उन्हें उसे (पुजारा) को जल्दी आउट करना होगा। वे यह भी जानते हैं कि विराट पिछले कुछ हफ्तों में शायद टी-20 क्रिकेट में अपने फॉर्म में वापस आ गए हैं। जो ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अशुभ चेतावनी है।’
गिल के पास सीरियस क्लास है- रिकी पोंटिंग
शुभमन गिल ने भी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए पिछले टेस्ट सीरीज में करियर का पहला टेस्ट शतक जड़ा था। आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए शुभमन गिल ने तीन शतक जड़े हैं। क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शुभमन गिल जलवा बिखेर रहे हैं।
शुभमन गिल को लेकर बात करते हुए रिकी पोंटिंग ने कहा, ‘वह एक शानदार युवा खिलाड़ी है उसके पास एटिट्यूड और शानदार क्लास है। जिस तरह का फ्रंट फुट पुल शॉट वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ खेलते है वह ऐसा शॉट होगा, जिसकी उसे ऑस्ट्रेलियन अटैक के खिलाफ जरूरत होगी।’