'उसके चक्कर में मुझे बैटिंग नहीं मिली', युजवेंद्र चहल ने यशस्वी जायसवाल को लेकर दिया चौंकाने वाला बयान - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘उसके चक्कर में मुझे बैटिंग नहीं मिली’, युजवेंद्र चहल ने यशस्वी जायसवाल को लेकर दिया चौंकाने वाला बयान

युजवेंद्र चहल ने कहा कि यशस्वी जायसवाल के चक्कर में मुझे नेट्स में बैटिंग नहीं मिली।

Yuzvendra Chahal And Yashasvi Jaiswal (Photo Source: Twitter)
Yuzvendra Chahal And Yashasvi Jaiswal (Photo Source: Twitter)

आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से सभी को काफी प्रभावित किया। साथ ही अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। यशस्वी के बेहतरीन बल्लेबाजी की तारीफ कई दिग्गज खिलाड़ी भी कर चुके हैं।

हाल ही में उनके टीम के साथी खिलाड़ी युजवेंद्र चहल ने यशस्वी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि यशस्वी नेट्स में अक्सर बल्लेबाजी करते रहते थे, जिसके कारण उन्हें बैटिंग करने का मौका नहीं मिला। हालांकि, चहल ने ये बात मजाकिया अंदाज में कही।

मैंने यशस्वी को करीब से देखा है- युजवेंद्र चहल 

दरअसल, न्यूज 18 से बातचीत करते हुए युजवेंद्र चहल ने यशस्वी जायसवाल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि, उसके चक्कर में मुझे नेट्स में बैटिंग नहीं मिली। वह प्रतिभाशाली खिलाड़ी है। मैं उसे पहले से भी जानता था। हालांकि, मैंने राजस्थान रॉयल्स टीम में उसे करीब से देखा है।

चहल ने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, उसके पास बहुत क्षमता है और वह एक मेहनती लड़का है। दरअसल सबसे अच्छी बात यह है कि युवा खिलाड़ी में रन बनाने और जितना हो सके सीखने की भूख है।

बता दें कि आईपीएल 2023 में यशस्वी जायसवाल राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने 48.07 की औसत और 163.61 के शानदार स्ट्राइक रेट से 625 रन बनाए। जायसवाल ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपना पहला आईपीएल शतक भी बनाया और सबसे तेज अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज किया।

साथ ही इस सीजन वह टॉप 5 सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में भी शामिल रहें। उनके इस शानदार बल्लेबाजी के कारण ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल मुकाबले के लिए उन्हें टीम इंडिया का हिस्सा बनाया गया।

close whatsapp