WTC 2023 Final: रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए खेली 48 रनों की बहुमूल्य पारी, लेकिन पूरा नहीं कर पाए अपना अर्धशतक
भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 51 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 48 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
अद्यतन - जून 9, 2023 10:25 पूर्वाह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल के खेल का दूसरा दिन खत्म हो चुका है। भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 38 ओवर में 5 विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं। वो अभी भी अपनी पहली पारी में 318 रनों से पीछे हैं।
भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 51 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 48 रनों की बहुमूल्य पारी खेली। हालांकि वो अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 469 बनाए। जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही और उन्होंने 71 रन पर अपने चार महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। कप्तान रोहित शर्मा 26 गेंदों में दो चौकों की मदद से 15 रन ही बना पाए जबकि युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने 15 गेंदों में दो चौकों की मदद से 13 रन की पारी खेली।
चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली भी इस मैच की पहली पारी में बड़ा स्कोर नहीं बना पाए और दोनों ने 14 रन-14 रन बनाए। 71 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम को एक महत्वपूर्ण साझेदारी की बेहद जरूरत थी और रवींद्र जडेजा और अजिंक्य रहाणे ने अपनी टीम के लिए काफी अच्छी बल्लेबाजी की। जडेजा ने एक छोर को काफी अच्छी तरह से संभाला और 48 रन बनाए। उन्होंने काफी आक्रामक पारी खेली। हालांकि भारतीय ऑलराउंडर अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए।
अजिंक्य रहाणे और रवींद्र जडेजा के बीच पांचवे विकेट के लिए 71 रनों की बहुमूल्य साझेदारी हुई। जैसे ही भारतीय टीम मुकाबले में वापसी करने लगी वैसे ही ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन ने रवींद्र जडेजा को आउट कर दिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 5 विकेट खोकर 151 रन बना लिए हैं
रवींद्र जडेजा जैसे ही आउट हुए वो मायूस होकर वापस पवेलियन लौटने लगे। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम की ओर से अजिंक्य रहाणे 71 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 29* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि केएस भरत ने 5* रन बना लिए हैं।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टीव स्मिथ ने पहली पारी में 268 गेंदों में 19 चौकों की मदद से 121 रन बनाए थे जबकि ट्रेविस हेड ने 174 गेंदों में 25 चौके और एक छक्के की मदद से 163 रनों की पारी खेली थी। एलेक्स केरी ने 48 रनों का योगदान दिया था जबकि डेविड वॉर्नर ने 40 रन बनाए थे। खेल के दूसरे दिन भारतीय टीम जबरदस्त वापसी करने को देखेंगे।