एशेज 2023: इंग्लैंड को पहले एशेज टेस्ट से पहले मिली बड़ी राहत की खबर, तो उधर बढ़ी ऑस्ट्रेलिया की टेंशन!
बेन स्टोक्स पहली बार एशेज में इंग्लैंड की कप्तानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अद्यतन - जून 16, 2023 12:12 अपराह्न

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया 16 जून से पांच टेस्ट मैचों की 2023 एशेज सीरीज में एक-दूसरे से भिड़ने के लिए तैयार है। इस बीच, इंग्लैंड क्रिकेट टीम को एजबेस्टन स्टेडियम में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियंस के खिलाफ खेले जाने वाले एशेज 2023 के पहले टेस्ट मैच से पहले बहुत बड़ी खुशखबरी मिली है।
दरअसल, इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने पहले टेस्ट मुकाबले के लिए गेंदबाजी करने के लिए खुद को फिट घोषित कर दिया है, जिससे मेजबान टीम को साल 2015 के बाद से अपनी पहली एशेज सीरीज जीतने की संभावनाओं को बड़ा बढ़ावा मिला है।
बेन स्टोक्स ने ‘द डेली मेल’ के हवाले से कहा, मेरी ट्रेनिंग के पिछले तीन दिन मेरे कॉन्फिडेंस के लिए सच में बेहद शानदार रहे हैं। मैंने अब तक हर दिन गेंदबाजी की है, और दिन-ब-दिन तीव्रता में वृद्धि हुई है, इसलिए मुझे लगता है कि मैं पहले टेस्ट में गेंदबाजी करने के लिए पूरी तरह से सक्षम हूं।
ऑस्ट्रेलिया से आक्रामक रवैये से भिड़ेगा इंग्लैंड
इस बीच, स्टोक्स ने जोर देकर कहा कि इंग्लैंड अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी एशेज 2023 में अपनी फेमस बैजबॉल स्टाइल जारी रखेंगे। उन्होंने कहा इससे पीछे हटने का सवाल ही खड़ा नहीं होता है, क्योंकि इसी तकनीक ने उन्हें अब तक बहुत सफलता दिलाई है। इंग्लैंड के कप्तान ने आगे कहा, हमसे बार-बार पूछा जा रहा है कि क्या हम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बैजबॉल स्टाइल में खेलना जारी रखेंगे या नहीं? हमारा जवाब हर बार एक ही रहा है!
हम किस तरह की क्रिकेट खेलना चाहते हैं, वो हम सभी को पता है, और हमारा उद्देश्य केवल अपनी टीम से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन बाहर निकलना हैं। हमने हर बार यह स्पष्ट किया है कि हम हर विपक्षी टीम के खिलाफ इसी आक्रामक अप्रोच के साथ खेलते हैं, और ऑस्ट्रेलिया भी उन्ही में से एक हैं, क्योंकि यह तरीका आपको बेहद शानदार परिणाम देता है। तो मुझे नहीं लगता कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हम अपने क्रिकेट के ब्रांड को बदलने वाले हैं।