रिपोर्ट: आगामी वेस्टइंडीज दौरे के कुछ मुकाबलों में रोहित शर्मा को मिल सकता है आराम - क्रिकट्रैकर हिंदी

रिपोर्ट: आगामी वेस्टइंडीज दौरे के कुछ मुकाबलों में रोहित शर्मा को मिल सकता है आराम

रोहित शर्मा पिछले काफी समय से भारत के लिए तीनों ही प्रारूपों में लगातार मुकाबले खेल रहे हैं और इसी वजह से टीम मैनेजमेंट उनको आराम दे सकती है।

Rohit Sharma. (Image Source: Getty Images)
Rohit Sharma. (Image Source: Getty Images)

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को आगामी वेस्टइंडीज दौरे के लिए आराम दिया जा सकता है। बता दें, यह दौरा 12 जुलाई से शुरू हो रहा है। भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्हीं के घर में दो टेस्ट मुकाबले, तीन वनडे और 5 टी-20 मैच खेलने हैं। यह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 चक्र की भारतीय टीम की पहली सीरीज होगी।

बता दें, भारतीय टीम को हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 सीजन के फाइनल में 209 रनों से करारी शिकस्त मिली थी। यह मुकाबला लंदन के द ओवल में खेला गया था। भारतीय टीम ने इस फाइनल में काफी निराशाजनक प्रदर्शन किया और इसी वजह से उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार झेलनी पड़ी।

रोहित शर्मा पिछले काफी समय से भारत के लिए तीनों ही प्रारूपों में लगातार मुकाबले खेल रहे हैं और इसी वजह से टीम मैनेजमेंट उनको आराम दे सकती है। इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में भी उन्होंने मुंबई इंडियंस की कप्तानी की थी।

हालिया रिपोर्ट के मुताबिक वेस्टइंडीज दौरे के कुछ मुकाबलों में रोहित शर्मा को आराम दिया जा सकता है। एक सूत्र ने बताया कि रोहित शर्मा को टेस्ट या फिर लिमिटेड ओवर्स सीरीज में आराम दिया जाएगा।

आगामी वेस्टइंडीज दौरे के कुछ मुकाबलों में रोहित शर्मा को मिल सकता है आराम: सूत्र

सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि, ‘रोहित शर्मा इंडियन प्रीमियर लीग में काफी थके हुए नजर आ रहे थे और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला था। चयनकर्ता उन्हें वेस्टइंडीज दौरे के कुछ मुकाबलों में आराम दे सकते हैं। वो या तो टेस्ट मैच खेलेंगे या लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट। चयनकर्ता रोहित से बात करेंगे और उसके बाद ही अपना फैसला सुनाएंगे।’

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में रोहित शर्मा काफी खराब फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में 15 रन और दूसरी पारी में 43 रन बनाए थे। इंडियन प्रीमियर लीग में भी उनकी बल्लेबाजी काफी खराब रही थी। रोहित शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में 16 मुकाबलों में 20.75 के औसत से 332 रन बनाए थे। उम्मीद लगाई जा सकती है कि रोहित शर्मा को आगामी वेस्टइंडीज दौरे में तीन वनडे और 5 टी-20 मुकाबलों में आराम दिया जाए।

close whatsapp