Ashes 2023: जेम्स एंडरसन ने रचा इतिहास, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में पूरे किए 1100 विकेट
एंडरसन अब 700 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने से सिर्फ 15 विकेट दूर हैं।
अद्यतन - जून 18, 2023 9:09 अपराह्न

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज सीरीज का पहला टेस्ट मैच बर्मिंघम में खेला जा रहा है। जहां तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 386 रनों पर सिमट गई। सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा 141 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होते ही कंगारू टीम ऑलआउट हो गई।
इस बीच ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने शानदार वापसी करते हुए एलेक्स कैरी का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया। इस विकेट के साथ ही एंडरसन ने एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में अपने 1100 विकेट पूरे कर लिए हैं।
वहीं एंडरसन एक और बड़ा मुकाम हासिल करने से कुछ विकेट दूर हैं। वह अब 700 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने से सिर्फ 15 विकेट दूर हैं। फिलहाल उनके नाम 685 अंतरराष्ट्रीय विकेट है और वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे गेंदबाज हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 386 रनों पर सिमटी
वहीं मुकाबले की बात करें तो तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की टीम लंच से पहले ऑलआउट हो गई। तीसरे दिन बल्लेबाजी करते हुए उस्मान ख्वाजा और एलेक्स कैरी ने छठे विकेट के लिए 118 रन जोड़े। कैरी ने आउट होने से पहले 10 चौके और एक छक्के की मदद से 66 रन बनाए। वहीं उस्मान ख्वाजा 141 रनों की शानदार पारी खेलकर पवेलियन लौटे। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और तीन छक्के लगाए।
निचले क्रम में कप्तान पैट कमिंस ने 38 रनों की अहम पारी खेली। इसके बाद इंग्लिश गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को समेटने में ज्यादा वक्त नहीं लगाया। इस तरह ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 386 रनों पर समाप्त हुई और वह इंग्लैंड के स्कोर से सिर्फ 7 रन दूर रह गई।
तीसरे दिन इंग्लैंड ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करनी शुरू कर दी है और उसने बारिश के कारण खेल रुकने तक 10.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 28 रन बना लिए हैं। इसके साथ ऑस्ट्रेलिया पर उसकी कुल बढ़त 35 रनों की हो गई है।