मोईन अली की चोट को लेकर नाथन लियोन ने दिया बड़ा बयान
एशेज सीरीज के पहले टेस्ट के दौरान Moeen Ali के ऊपर ICC नियम का उल्लंघन करने के लिए भारी जुर्माना लगाया गया था।
अद्यतन - Jun 20, 2023 1:59 pm

इस समय इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच Ashes Test खेला जा रहा है। पहला टेस्ट मैच काफी रोमांचक मोड़ पर आकर खड़ा हो गया है। ऑस्ट्रेलिया को इस पहले टेस्ट के आखिरी दिन जीत के लिए 174 रनों की जरूरत है और उनके 7 विकेट बचे हुए हैं। इंग्लैंड की बात की जाए तो वो भी अभी तक इस टेस्ट में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं।
बता दें, एशेज सीरीज के पहले टेस्ट के दौरान Moeen Ali के ऊपर ICC नियम का उल्लंघन करने के लिए भारी जुर्माना लगाया गया था। उनके ऊपर यह आरोप लगाया गया है कि मोईन अली ने गेंद के साथ छेड़छाड़ की है। इंग्लिश ऑलराउंडर के ऊपर मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया था।
बता दें, मोईन अली ने 2 साल के बाद टेस्ट प्रारूप में सन्यास से वापसी की। उन्होंने इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में काफी अच्छा प्रदर्शन किया और 2 विकेट झटके। हालांकि मुकाबले के दौरान उनकी उंगली में चोट लग गई थी जिसको लेकर ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन ने बड़ा बयान दिया है।
स्पोर्ट्सकीड़ा के मुताबिक नाथन लियोन ने कहा कि, ‘मोईन अली के साथ मेरी सहानुभूति है। टेस्ट फॉर्मेट में 2 साल के बाद वापसी करना और लगातार गेंदबाजी करना इतना आसान नहीं है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण मैं यही कह सकता हूं कि एक गायक अपनी आवाज पूरी तरह से खो चुका है लेकिन उसे कॉन्सर्ट में बेहतरीन गाना गाना है।’
फिंगर स्पिनर के रूप में गेंद को मजबूती से पकड़ना बहुत ही मुश्किल होता है: नाथन लियोन
नाथन लियोन ने आगे कहा कि, ‘फिंगर स्पिनर खासतौर पर ऑफ स्पिनर के रूप में गेंद को मजबूती से पकड़ना बेहद जरूरी होता है और काफी मुश्किल भी। हमें अपनी उंगलियों को सीम से पकड़ना होता है और उसके बाद गेंद को स्पिन करवाना होता है। मेरी सहानुभूति मोईन अली के साथ जरूर है क्योंकि यह बहुत ही मुश्किल होता है।’
मुकाबले की बात की जाए तो इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी को आठ विकेट पर 393 रन पर घोषित कर दिया था जिसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 386 रन बनाए। इंग्लैंड ने इसके बाद अपनी दूसरी पारी में सभी विकेट खोकर 273 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को 281 रनों का टारगेट दिया।
इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में जो रूट ने 55 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन बनाए जबकि हैरी ब्रूक ने 52 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 46 रनों की पारी खेली। बेन स्टोक्स ने 43 रनों का योगदान दिया। चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 30 ओवर में 3 विकेट खोकर 107 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा 81 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 34* रन पर बल्लेबाजी कर रहे हैं जबकि स्कॉट बोलैंड ने अभी तक 13* रन बना लिए हैं।