PCB चेयरमैन की नियुक्ति में देरी, दो पूर्व सदस्यों ने लाहौर हाई कोर्ट का खटखटाया दरवाजा
पूर्व सदस्यों ने चुनाव पर रोक लगाने और फैसले की घोषणा होने तक BOG को निलंबित करने का अनुरोध किया है।
अद्यतन - जून 26, 2023 3:58 अपराह्न

पाकिस्तान क्रिकेट में पिछले कुछ महीनों से उथल-पुथल मचा हुआ है। पूर्व पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा को हटाकर नजम सेठी को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त किया गया था। वहीं हाल ही में नजम सेठी ने पीसीबी अध्यक्ष के रेस से खुद को बाहर करते हुए बयान जारी किया और कह कि वह बोर्ड में स्थायी पद पर नहीं रहना चाहते हैं। इसके साथ ही पीसीबी के अगले अक्ष्यक्ष के लिए जका अशरफ का नाम सामने आया। हालांकि, अब उनके नियुक्ति को लेकर पीसीबी के दो पूर्व सदस्यों ने लाहौर हाई कोर्ट का रुख किया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार 26 जून को पीसीबी के पूर्व सदस्य शकील शेख और गुल जदा द्वारा दायर दो याचिकाओं पर उच्च न्यायालय सुनवाई करेगा। दायर याचिका में जका अशरफ को अध्यक्ष नियुक्त करने की चुनाव प्रक्रिया और बोर्ड ऑफ गर्वनर्स (BOG) जो नए प्रमुख का फैसला करेगा, को चुनौती दी गई है। इसके अलावा पूर्व सदस्यों ने न्यायाधीश से चुनाव पर रोक लगाने और फैसले की घोषणा होने तक BOG को निलंबित करने का अनुरोध किया है।
पीसीबी के लिए है मुश्किल स्थिति
इस बीच पीसीबी के एक सूत्र ने कहा, यह एक मुश्किल स्थिति है, क्योंकि चुनाव आयुक्त और बोर्ड के कार्यवाहक अध्यक्ष ने बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BOG) में किए गए बदलावों के बाद नए अध्यक्ष के लिए चुनाव कराने की तारीख 27 जून निर्धारित की है।
आपको बता दें कि जका अशरफ ने 2011 से 2013 तक गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था और उनके फिर से यह पद संभालने के आसार है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि 2012 में जका अशरफ को पूर्व अध्यक्ष नजम सेठी के इसी तरह के कानूनी मुद्दों का सामना करना पड़ा था और शीर्ष अदालत ने उन्हें पद से इस्तीफा देने के लिए भी कहा था।
इस साल पाकिस्तान को एशिया कप की मेजबानी करनी है, जिसके लिए रास्ता साफ हो गया है। हाईब्रिड मॉडल के तहत टूर्नामेंट का आयोजन पाकिस्तान और श्रीलंका में होगा। इसमें 4 मैच पाकिस्तान में जबकि टूर्नामेंट के बाकी मैच श्रीलंका में खेले जाएंगे।