वर्ल्ड कप 2023 शेड्यूल आते ही रोहित शर्मा की खुली चेतावनी, कहा- हम इस बार काफी…
वर्ल्ड कप की तैयारी के क्रम में भारतीय टीम अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी।
अद्यतन - Jun 27, 2023 9:47 pm

ICC ने मंगलवार 27 जून को वर्ल्ड कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा कर दी। टूर्नामेंट की शुरुआत 5 अक्टूबर से होगी, जबकि समापन 19 नवंबर को होगा। भारतीय टीम अपना पहला मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी, जबकि 15 अक्टूबर को उसका मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा।
शेड्यूल के आते ही भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा टीम मेगा टूर्नामेंट के लिए अच्छी तैयारी करने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।
बता दें कि मेन इन ब्लू एक दशक से कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीत सका है। इसलिए इस बार रोहित शर्मा की टीम पर अतिरिक्त दबाव है। हालांकि, भारतीय कप्तान इस बात से भली-भांति परिचित है और उनका मानना है कि यह टूर्नामेंट टक्कर का होने वाला है, क्योंकि सभी टीमें बेहतर कर रही हैं।
यह वर्ल्ड कप काफी प्रतिस्पर्धी होने वाला है- रोहित शर्मा
बकौल बीसीसीआई द्वारा जारी बयान में रोहित शर्मा ने कहा, घरेलू मैदान पर वर्ल्ड खेलने का अनुभव शानदार होगा। भारतीय टीम ने 12 साल पहले यहीं पर ट्रॉफी जीती थी। और मैं जानता हूं कि देशभर के फैन्स इस बार हमारे मैदान में उतरने का इंतजार नहीं कर सकते। यह वर्ल्ड कप काफी प्रतिस्पर्धी होने वाला है, क्योंकि खेल तेजी से बदल रहा है और टीमें पहले से कहीं अधिक सकारात्मक होकर खेल रही हैं। यह दुनियाभर के फैन्स के लिए रोमांचक होने वाला है।
उन्होंने कहा, हम इस बार काफी उत्सुक हैं। इस अक्टूबर-नवंबर में अच्छी तैयारी करने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
जुलाई में वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी भारतीय टीम
वर्ल्ड कप की तैयारी के क्रम में भारतीय टीम अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी, जहां उसे टेस्ट, वनडे और टी-20 सीरीज खेलनी है। वनडे सीरीज टीम के लिए काफी महत्वपूर्ण होने वाला है, क्योंकि टीम प्रबंधन चोटिल खिलाड़ियों के मसले को सुलझाने के लिए उम्मीद कर रही होगी।
केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और ऋषभ पंत के टीम में नहीं होने से संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। अगर वे इसका फायदा उठाते हैं तो उनके साथ-साथ टीम इंडिया को भी मेगा टूर्नामेंट के लिए फायदा होगा। वहीं दौरे पर जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी के नहीं होने पर गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा होगी।