संन्यास के तुरंत बाद विदेशी टी-20 लीग में नहीं खेल पाएंगे भारतीय खिलाड़ी, BCCI का नया नियम बनेगा आफत - क्रिकट्रैकर हिंदी

संन्यास के तुरंत बाद विदेशी टी-20 लीग में नहीं खेल पाएंगे भारतीय खिलाड़ी, BCCI का नया नियम बनेगा आफत

BCCI रिटायर्ड भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक नया पॉलिसी बनाने जा रहा है, जो विदेशी लीगों में खेलना चाहते हैं।

BCCI (Image Credit- Twitter)
BCCI (Image Credit- Twitter)

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) रिटायर भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक नया पॉलिसी बनाने जा रहा है, जो विदेशी लीगों या अन्य टी-20 लीगों में खेलना चाहते हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक संन्यास ले चुके भारतीय खिलाड़ियों को विदेशी लीगों या अन्य टी-20 लीगों में भाग लेने से पहले रिटायरमेंट के बाद कूलिंग पीरियड से गुजरना होगा। इसके बाद ही वे विदेशी लीगों में खेल सकते हैं।

7 जुलाई को आ सकता है निर्णय

हालांकि, इसको लेकर अभी कोई फैसला नहीं आया है। माना जा रहा है कि 7 जुलाई को होने वाली बीसीसीआई की एपेक्स काउंसिल की बैठक में इस पर निर्णय आ सकता है। यह पॉलिसी बीसीसीआई को इसलिए लानी पड़ रही है क्योंकि यह देखा गया कि कई भारतीय खिलाड़ी संन्यास के कुछ सप्ताह बाद ही टी-20 लीग में शामिल हो गए।

पूर्व खिलाड़ियों को इन विदेशी टी-20 लीगों में शामिल होने पर बड़ी राशि की पेशकश की गई थी और इसलिए बीसीसीआई को लगा कि यह भविष्य में बड़ी समस्या हो सकती है। दुनिया भर में टी-20 लीगों के आयोजन तेजी से बढ़ रहे हैं और अगर रिटायर खिलाड़ियों को उनके संन्यास के तुरंत बाद लीग में शामिल किया जाता है, तो यह बीसीसीआई के लिए काफी मुसीबत बन सकता है।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए इम्पैक्ट प्लेयर नियम में होगा बदलाव

वहीं 7 जुलाई को होने वाली बैठक में एशियाई खेलों में भारत के मेन्स और वुमेन्स टीमों की भागीदारी पर चर्चा होगी। इससे पहले यह जानकारी है कि मेन्स की बी टीम और फुल स्ट्रेंथ वाली महिला टीम एशियाई खेलों में भाग लेगी।

इसके अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए इम्पैक्ट प्लेयर नियम में बदलाव पर विचार किया जाएगा। इससे पहले टूर्नामेंट में इम्पैक्ट प्लेयर नियम आईपीएल से अलग था। बीसीसीआई अब आईपीएल और घरेलू टूर्नामेंट दोनों के लिए यह नियम एक रखने पर विचार कर रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘वह वनडे विश्व कप में अपना दबदबा बनाए रखेंगे’, क्रिस गेल ने मेगा टूर्नामेंट से पहले की विराट कोहली की तारीफ

close whatsapp