Ashes 2023: तीसरे टेस्ट में खेलते हुए नजर आ सकते हैं टॉड मर्फी?
एशेज 2023 के दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 43 रनों से करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - जुलाई 3, 2023 2:46 अपराह्न

एशेज 2023 के दूसरे टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 43 रनों से करारी शिकस्त दी। हालांकि इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया टीम को एक बड़ा झटका लगा है। लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन फील्डिंग करते समय ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन चोटिल हो गए और वो अब एशेज 2023 के बचे हुए मुकाबलों में खेलते हुए नजर नहीं आएंगे।
हालांकि अभी इस को लेकर टीम मैनेजमेंट की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन 6 जुलाई से हेडिंग्ले में खेले जाने वाले तीसरे टेस्ट मुकाबले में युवा स्पिनर टॉड मर्फी नाथन लियोन की जगह खेलते हुए नजर आ सकते हैं। इसके अलावा माइकल स्वेपसन को भी मौका मिल सकता है।
बता दें, नाथन लियोन की एक अविश्वसनीय स्ट्रीक भी टूटी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए लगातार 100 टेस्ट मुकाबले खेले हैं और ऐसा करने वाले वो 6वें खिलाड़ी हैं। गेंदबाजों में ऐसा करने वाले वो एकमात्र खिलाड़ी हैं। हालांकि चोटिल होने के बावजूद नाथन लियोन ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में बल्लेबाजी की और इस चीज को देखकर तमाम लोगों ने उनकी जमकर प्रशंसा की।
हालांकि अब जब नाथन लियोन चोटिल हो चुके हैं तो इस समय स्पिनर के रूप में टीम के पास टॉड मर्फी ही उपलब्ध है। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में इस युवा स्पिनर ने काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और कई लोगों की जमकर तारीफ बटोरी थी। उन्होंने अभी तक चार टेस्ट मुकाबलों में 14 विकेट अपने नाम किए हैं। ESPNक्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक वो अपना पहला एशेज मुकाबला बहुत जल्द खेलते हुए नजर आ सकते हैं। फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन काफी अच्छा है।
बचे हुए मुकाबलों के लिए ऑस्ट्रेलिया ने मैट रेनशॉ को किया रिलीज
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस बात से काफी खुश हैं कि उनकी टीम इस समय खेले जा रहे एशेज 2023 में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रही है और शायद यही वजह है कि उन्होंने मैट रेनशॉ को आगामी मुकाबलों के लिए रिलीज कर दिया है। डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा टीम की काफी अच्छी ओपनिंग कर रहे हैं और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया भी इस बात से काफी खुश हैं।
एजबेस्टन में खेले गए पहले टेस्ट मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 2 विकेट से हराया था और अब लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को उन्होंने 43 रनों से जीता। 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया इस समय 2-0 से आगे हैं। अब देखना यह है कि आने वाले मैचों में टीम कैसा प्रदर्शन करती है।