WI vs IND: ऋतुराज गायकवाड़ को टी-20 टीम में ना देखकर मैं काफी हैरान हूं: आकाश चोपड़ा - क्रिकट्रैकर हिंदी

WI vs IND: ऋतुराज गायकवाड़ को टी-20 टीम में ना देखकर मैं काफी हैरान हूं: आकाश चोपड़ा

इस 5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 3 अगस्त से हो रही है।

Ruturaj Gaikwad (Pic Source-Twitter)
Ruturaj Gaikwad (Pic Source-Twitter)

वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली पांच मुकाबलों की टी-20 सीरीज में हार्दिक पांड्या को भारतीय टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है जबकि सूर्यकुमार यादव उपकप्तानी की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे। इस 5 मुकाबलों की टी-20 सीरीज की शुरुआत 3 अगस्त से हो रही है। हालांकि भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा इस बात से बिल्कुल भी खुश नहीं है कि ऋतुराज गायकवाड़ को टी-20 टीम में शामिल नहीं किया गया है।

आकाश चोपड़ा के मुताबिक ऋतुराज गायकवाड़ ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और इसको देखते हुए उन्हें भारतीय टीम में जरूर शामिल किया जाना चाहिए था। उन्होंने इस बात की खुशी जताई है कि यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली टी-20 सीरीज में भारतीय टीम में शामिल किया गया है लेकिन उनके मुताबिक गायकवाड़ को भी मौका मिलना चाहिए था।

आकाश चोपड़ा ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा की है जिसमें उन्होंने कहा है कि, ‘जब चयन होता है तब इस बात पर बहस होती है कि ऐसा कौन खिलाड़ी है जो अब रह गया है। आपने 3 ओपनर को टीम में शामिल किया है। ईशान किशन, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल। लेकिन एक नाम इसमें नहीं है और वो है ऋतुराज गायकवाड़ का। आपको उनके लिए बुरा जरूर लग रहा होगा।

आपने ईशान किशन को टीम में चुना गया है लेकिन हाल में ना तो उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और ना ही इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में। आप उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को ले सकते थे जिनका हालिया प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है।’

यशस्वी जायसवाल की आकाश चोपड़ा ने की जमकर तारीफ

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने आगे कहा कि, ‘यशस्वी जायसवाल इस महीने के फ्लेवर रहे हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में काफी अच्छी बल्लेबाजी की। मुझे यह देखकर अच्छा लग रहा है कि टीम मैनेजमेंट उन्हें अब मौके दे रही है।’

शुभमन गिल को लेकर आकाश चोपड़ा ने कहा कि, ‘इस युवा खिलाड़ी की बात ही बहुत अलग है। मैं उनको प्लेइंग XI में देखना चाहता हूं। अब सवाल ये उठता है कि शुभमन गिल के साथ यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन में कौन ओपनिंग करते हुए नजर आता है।’

close whatsapp