रोहित शर्मा पर फूटा सुनील गावस्कर का गुस्सा, कहा अच्छे फॉर्म में नहीं होने के बाद भी टीम…..
सुनील गावस्कर ने कहा कि, मुझे रोहित से काफी ज्यादा उम्मीदें थी। विदेशों में अच्छा प्रदर्शन ही आपको बेहतर साबित करता है।
अद्यतन - जुलाई 10, 2023 10:40 पूर्वाह्न

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम को हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा पर कई सवाल उठे। रविचंद्रन अश्विन को मौका नहीं दिया जाने से लेकर पहले फिल्डिंग करने के फैसले तक पर सवाल उठाए गए। इतना ही नहीं रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाने की भी मांग की गई। हालांकि वह टीम इंडिया के साथ इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर हैं।
वहीं इस बीच टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने रोहित शर्मा को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। साथ ही टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ पर भी नाराजगी जाहिर की है। दरअसल उनका कहना है कि, इन दोनों से ही सवाल किए जाने चाहिए कि आखिर टॉस जीतकर फिल्डिंग का फैसला क्यों लिया गया और ट्रेविस हेड को आउट करने के लिए सही प्लानिंग क्यों नहीं की गई।
बता दें इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत करते हुए सुनील गावस्कर ने कहा कि, मुझे रोहित से काफी ज्यादा उम्मीदें थी। भारत में प्रदर्शन करना यह अलग है, लेकिन विदेशों में अच्छा प्रदर्शन ही आपको बेहतर साबित करता है। लेकिन यहां पर उनके प्रदर्शन ने हमें काफी निराश किया। IPL में बहुत अच्छा अनुभव, कप्तान के रूप में सैकड़ों मैच और बेस्ट आईपीएल खिलाड़ियों के होने के बाद भी टी20 फॉर्मेट में भी फाइनल में नहीं पहुंच पाना निराशाजनक रहा है।
रोहित और कोच राहुल द्रविड़ से WTC फाइनल के बाद सवाल पूछे जाने चाहिए थे-सुनील गावस्कर
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, दरअसल रोहित और कोच राहुल द्रविड़ से WTC फाइनल के हार के बाद सवाल पूछे जाने चाहिए थे कि आखिर आपने टॉस जीतने के बाद पहले फील्डिंग का फैसला क्यों लिया? क्या आपको ट्रेविस हेड की शॉर्ट बॉल की कमजोरी का पता नहीं था?
जब वह 80 से अधिक रन बना चुके थे तब आपने बाउंसर गेंदों का इस्तेमाल किया। जबकि जब वह बल्लेबाजी करने आए तो रिकी पोंटिंग लगातार कह रहे थे कि उनके खिलाफ बाउंसर गेंदों का इस्तेमाल करें। सभी को सबकुछ पता था लेकिन फिर भी हमने ऐसा नहीं किया।
इसके साथ ही उन्होंने रोहित शर्मा द्वारा कहीं गई बात तैयारी के लिए समय नहीं मिला पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। बता दें सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि, हम किस तरह की तैयारी की बात कर रहे हैं? अब वे वेस्टइंडीज दौरे पर हैं। अब आपके सामने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का उदाहरण है। क्या आप कोई भी मैच खेल रहे हैं?
तो फिर ये 20-25 दिन वाली बात क्या है? दरअसल जब आप तैयारी के बारे में बात करते हैं, तो इसके बारे में वास्तविक रहें। आप 15 दिन पहले जाकर दो वॉर्म-अप मैच खेलें। मुख्य खिलाड़ी को आराम दे सकते हैं, लेकिन नए खिलाड़ी के साथ ऐसा नहीं है।
यहां पढ़ें: वेस्टइंडीज दौरे में मौका ना मिलने के बाद काफी निराश हैं जितेश शर्मा, कहा- भगवान के पास मेरे लिए…