स्टुअर्ट ब्रॉड इस चीज के लिए जरुर याद किए जाएंगे कि उन्होंने अपनी अंतिम सीरीज में कितना अच्छा प्रदर्शन किया था: रिकी पोंटिंग
पांचवे टेस्ट मुकाबले की बात की जाए तो अभी तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के ऊपर 377 रनों की बढ़त बना ली है।
अद्यतन - Jul 30, 2023 2:04 pm

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने स्टुअर्ट ब्रॉड की जमकर प्रशंसा की है। 29 जुलाई को स्टुअर्ट ब्रॉड ने इस बात की घोषणा की कि वो एशेज 2023 के पांचवें टेस्ट मुकाबले के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने अभी तक इंग्लैंड की ओर से कई मुकाबलों में काफी अच्छी गेंदबाजी की है और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई है। रिकी पोंटिंग ने स्टुअर्ट ब्रॉड को ‘Ashes Warrior’ कहा। बता दें, स्टुअर्ट ब्रॉड ने टेस्ट क्रिकेट में 600 से ज्यादा विकेट अपने नाम किए हैं।
स्काई स्पोर्ट्स से बात करते हुए रिकी पोंटिंग ने कहा कि, ‘स्टुअर्ट ब्रॉड Ashes Warrior है। उन्होंने काफी समय से इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट को काफी अच्छी तरह से संभाला है। उन्होंने लगातार घर में 25 एशेज टेस्ट खेले जो सच में कमाल की बात है।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘हम बेन स्टोक्स को अंतिम योद्धा कहते हैं लेकिन स्टुअर्ट ब्रॉड अंतिम एशेज योद्धा है। ब्रॉड इस बात के लिए जरुर याद किए जाएंगे कि उन्होंने अपने आखिरी सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। उनके लिए यह सबसे अच्छा समय है संन्यास लेने का।’
एलिस्टर कुक ने भी स्टुअर्ट ब्रॉड की जमकर प्रशंसा की
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक ने कहा कि, ‘मैं थोड़ा इमोशनल भी हूं और थोड़ा हैरान भी। अगले गर्मी में हमें भारत, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है जिसमें स्टुअर्ट ब्रॉड का योगदान काफी महत्वपूर्ण होने वाला था। हालांकि यह बहुत ही बड़ा मोमेंट है।’
पांचवे टेस्ट मुकाबले की बात की जाए तो अभी तक इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के ऊपर 377 रनों की बढ़त बना ली है। अब देखना यह है कि क्या मेजबान इंग्लैंड ब्रॉड को अच्छा फेयरवेल दे पाती है या नहीं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया इस टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे है। खेल का चौथा दिन काफी रोमांचक होने वाला है।