BCCI ने मीडिया अधिकारों के लिए बोली में इजाफे के लिए अपनी नीति में किया बड़ा बदलाव
BCCI ने कहा मीडिया अधिकारों के विजेता को कम से कम पांच भाषाओं में कमेंट्री प्रसारित करना होगा।
अद्यतन - अगस्त 4, 2023 2:48 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपनी नीति में बदलाव किया है, जिसके चलते अब कंसोर्टियम को आगामी सायकल के लिए मीडिया अधिकारों के लिए बोली लगाने की अनुमति होगी। इससे पहले दो मीडिया कंपनियां एक-साथ बोली नहीं लगा सकती थी, लेकिन BCCI ने अब ऐसा करने की अनुमति दे दी है।
उदाहरण के तौर पर अब सोनी पिक्चर्स नेटवर्क और एस्सेल ग्रुप (जी नेटवर्क) एक-साथ आकर एक यूनिट बना सकते हैं, और मीडिया अधिकारों के लिए बोली लगा सकते हैं। BCCI के इस फैसले से बोली में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। डिज़्नी स्टार और वायाकॉम18 के पहले से ही इस दौड़ में शामिल होने की उम्मीद है और किसी तीसरे पक्ष के प्रवेश से बोली में तेजी आ सकती है।
एकीकरण पूरा करने की संभावित तारीख 1 अक्टूबर है
हालांकि, यह अभी भी स्पष्ट नहीं है कि सोनी और एस्सेल एक साथ आएंगे या नहीं। इस बीच, एकीकरण पूरा करने की संभावित तारीख 1 अक्टूबर है, वहीं नीलामी 31 अगस्त को होनी है, जबकि तकनीकी मूल्यांकन बोलियां 28 अगस्त तक जमा करनी होंगी।
यहां पढ़ें- क्रिकेट से जुड़ी आज की ताज़ा खबरें
इस बीच, BCCI को उम्मीद है कि बोलियां कम से कम 1 करोड़ रुपये की होगी, यानी कोई विशेष संगठन पैकेज ए (टेलीविजन अधिकार) के लिए 50 लाख रुपये और पैकेज बी (डिजिटल अधिकार) के लिए 50 लाख रुपये की बोली लगाना चाहिए। वहीं दूसरी ओर, यदि कोई विशेष कंपनी केवल एक पैकेज में रुचि रखती है, तो इंक्रीमेंटल बोली कम से कम 1 करोड़ रुपये होनी चाहिए।
कम से कम पांच भाषाओं में कमेंट्री प्रसारित होगी
BCCI के मीडिया अधिकारों के विजेता के पास सितंबर 2023 से शुरू होने वाले कुल 88 मैचों का अधिकार होगा। टेलीविजन अधिकारों का आधार मूल्य 20 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि डिजिटल अधिकारों का आधार मूल्य 25 करोड़ रुपये है। आपको बता दें, BCCI ने साफ तौर पर कहा है कि विजेता कंपनी या कंपनियों को कम से कम पांच भाषाओं में कमेंट्री प्रसारित करना होगा, जिसमें हिंदी और अंग्रेजी प्रमुख भाषा हैं।