किसी एक बल्लेबाज को आगे आकर करना होगा अच्छा प्रदर्शन- दूसरे T20I मैच के बाद वसीम जाफर का बयान
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में अब तक टीम इंडिया के टॉप ऑर्डर का बल्लेबाजों का प्रदर्शन रहा निराशाजनक।
अद्यतन - अगस्त 7, 2023 3:18 अपराह्न

वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरा टी-20 मैच हारने के बाद वसीम जाफर ने टीम इंडिया के नीचले क्रम के बल्लेबाज को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि जब आपके पास ऊपरी क्रम में इतने अच्छे बल्लेबाज हों तो आपको नीचले क्रम के बल्लेबाज से ज्यादा उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। दरअसल वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी-20 मैच में भी भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन काफी लचर रहा।
तिलक वर्मा को छोड़कर, कोई भी बल्लेबाज इस टी-20 सीरीज में अब तक प्रभाव नहीं छोड़ सका है। वहीं युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा ने दूसरे ही T20I में अपना पहला अर्धशतक बनाया, लेकिन दूसरे छोर से किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। जिसके कारण भारत पहले बल्लेबाजी करते हुए केवल 152 रन ही बना सका।
भारतीय टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को खेलनी होगी बड़ी पारी- वसीम जाफर
ईएसपीएन क्रिकइंफो पर बात करते हुए वसीम जाफर ने कहा कि, “बल्लेबाज स्पष्ट रूप से यह ध्यान में रखते हैं कि नंबर 8 और नंबर 9 पर कौन आ रहा है, लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। यदि शीर्ष क्रम और मध्य क्रम अपना-अपना काम अच्छे से करते हैं, तो यह टीम के लिए पर्याप्त है। उनकी बल्लेबाजी लाइनअप में इस पर्याप्त गुणवत्ता है।”
वसीम जाफ़र का मानना है कि वेस्टइंडीज की धीमी और सुस्त पिचों पर स्कोर खड़ा करने के लिए शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों में से एक को लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी होगी और टीम के लिए पारी को संभालना होगा। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों में से एक को 60-70 रन बनाने होंगे, जैसे निकोलस पूरन ने बनाए थे, वहीं दूसरे बल्लेबाजों को उनका साथ देना होगा।”
गौरतलब है कि, तीन मैचों की वनडे सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे ईशान किशन को इस फॉर्मेट में संघर्ष करना पड़ा है। शुभमन गिल का फॉर्म भी टीम के लिए चिंता का विषय है। टेस्ट सीरीज में नंबर 3 पर बल्लेबाजी की शुरुआत करने के बाद से गिल रन बनाने के लिए संघर्ष करते हुए दिखे हैं। मध्यक्रम के बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या और संजू सैमसन भी कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं।