रोहित शर्मा, विराट कोहली ने कितने घरेलू मैच खेले हैं? पूर्व क्रिकेटर ने स्टार खिलाड़ियों से पूछे कठिन सवाल
पूर्व क्रिकेटर इस बात से खुश नहीं है कि कोहली और रोहित घरेलू क्रिकेट नहीं खेलते हैं।
अद्यतन - Aug 16, 2023 8:12 pm

घरेलू क्रिकेट एक घरेलू खिलाड़ी को नेशनल टीम में पहुंचाता है और वहां से उस खिलाड़ी को इंटरनेशनल क्रिकेटर बनाता है। तो वहीं अब इस घरेलू क्रिकेट की महत्वता पर प्रकाश डालते हुए, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान व दिग्गज ऑलराउंडर कपिल देव ने बड़ा बयान दिया है।
गौरतलब है कि हाल के समय ही भारतीय क्रिकेट टीम के टाॅप प्लेयर जैसे विराट कोहली, रोहित शर्मा व केएल राहुल की फाॅर्म चर्चा का विषय बनी हुई थी। तो वहीं इसके बाद क्रिकेट पंडितों व कई पूर्व खिलाड़ियों ने जोर देकर यह कहा था कि इन खिलाड़ियों को वापिस फाॅर्म में आने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। लेकिन अब इस मसले पर कपिल देव ने अपनी राय दी है।
कपिल देव ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ इंटरव्यू में कपिल देव ने कहा- घरेलू क्रिकेट एक खिलाड़ी के लिए सबसे अहम है। हाल के दिनों में विराट कोहली और रोहित शर्मा या टीम इंडिया के अन्य किसी टाॅप खिलाड़ी ने कितने घरेलू मैच खेले हैं? मेरा मानना है कि भारतीय क्रिकेट टीम के टाॅप खिलाड़ियों को प्रचुर मात्रा में घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए, क्योंकि यह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए भी मददगार साबित होता है।
तो वहीं कपिल देव ने संजू सैमसन को लगातार मौके मिलने के बाद भी प्रदर्शन ना करने पाने को लेकर कहा- मुझे लगता है कि सिर्फ संजू सैमसन के बारे में बात करना सही नहीं हैं। हमें बात भारतीय टीम की करनी चाहिए। मुझे लगता है कि वह (संजू सैमसन) एक अच्छा खिलाड़ी है और उसमें टैलेंट है। लेकिन उसे खुद को साबित करना होगा।