Virat Kohli ने International Cricket में पूरे किए 15 साल, उनके इस बेमिसाल सफर पर डालें एक नजर
विराट कोहली (Virat Kohli) ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 साल पूरे कर लिए हैं।
अद्यतन - Aug 18, 2023 3:24 pm

भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के बेहतरीन खिलाड़ी विराट कोहली (Virat Kohli) ने अपने इंटरनेशनल क्रिकेट में 15 साल पूरे कर लिए हैं। किंग कोहली के नेतृत्व में भारत ने 2008 की शुरुआत में कुआलालंपुर में अंडर-19 विश्व कप जीता। इस शानदार बल्लेबाज को अगस्त में श्रीलंका दौरे के लिए सीनियर भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया। कोहली, जो उस समय सिर्फ 19 साल के थे, उन्हें 18 अगस्त 2008 को दांबुला में श्रीलंका के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के पहले वनडे में वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर की अनुपस्थिति में ओपनिंग करने का मौका मिला।
ऐसे में जब कोहली को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम में चुना गया था, तब उन्होंने सिर्फ आठ लिस्ट ए मैच खेले थे। उन्होंने अपनी पहली पारी में दिल्ली के साथी बल्लेबाज गौतम गंभीर के साथ ओपनिंग की और नुवान कुलसेकरा द्वारा LBW आउट होने से पहले 12 रन बनाए। ‘मेन इन ब्लू’ 146 रन पर ढेर हो गई, और मेजबान टीम ने आठ विकेट शेष रहते ही लक्ष्य का पीछा कर लिया।
बता दें कोहली ने चौथे वनडे में अपना पहला इंटरनेशनल अर्धशतक बनाया और उस सीरीज में उन्होंने 31.80 की औसत और 66.53 के स्ट्राइक रेट से 159 रन बनाए थे। भारतीय टीम मैनेजमेंट ने दाएं हाथ के इस बल्लेबाज में क्षमता देखी और उनका भरपूर समर्थन किया। विराट कोहली ने खुद पर दिखाए गए विश्वास को खोने नहीं दिया और बेहतरीन प्रदर्शन कर खुद को भारतीय टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बना लिया।
virat kohli भारत ही नहीं, दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बने
कोहली ने खुद को वीरेंद्र सहवाग, गौतम गंभीर, सचिन तेंदुलकर, युवराज सिंह, एमएस धोनी जैसे खिलाड़ियों के साथ एक मजबूत बल्लेबाजी लाइनअप में शामिल किया। वहीं दिसंबर 2008 में, कोहली को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से ग्रेड डी कॉन्ट्रैक्ट मिला। आज 15 साल बाद, वह भारत ही नहीं, दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं।
कोहली वनडे विश्व कप (2011) और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (2013) का हिस्सा रहें। उन्होंने 111 टेस्ट मैचों में 49.30 की औसत से 8676 रन बनाए हैं। वनडे में इस दिग्गज खिलाड़ी ने 275 मैचों में 57.32 की औसत से 12898 रन बनाए हैं। कोहली ने 115 T20I भी खेले हैं और 52.74 की औसत से 4008 रन बनाए हैं। कोहली सचिन के 100 इंटरनेशनल शतकों के रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच रहे हैं। अब तक, कोहली के नाम 76 इंटरनेशनल शतक हैं, जिसमे टेस्ट में 29, वनडे में 46 और टी20ई में एक शतक है।