'मोहाली में एक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलना एक सपना था'- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के बाद बोले शुभमन गिल - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘मोहाली में एक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलना एक सपना था’- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के बाद बोले शुभमन गिल

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे मैच में शुभमन गिल ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी।

Shubman Gill (Pic Source-Twitter)
Shubman Gill (Pic Source-Twitter)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच कल (22 सितंबर) मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया और फिर बाद में बल्लेबाजों के प्रदर्शन के बदौलत आसान जीत दर्ज की।

इस मैच में भारत को उनके सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ और शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 142 रनों की साझेदारी की। ऋतुराज और शुभमन दोनों ही इस मैच में अर्धशतक बनाकर आउट हुए। मैच खत्म होने के बाद शुभमन गिल ने अपनी पारी और मोहाली के मैदान पर खेलने को लेकर बात की।

मोहाली में परिवार के सामने अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना स्पेशल था- शुभमन गिल

मैच खत्म होने के बाद जियो सिनेमा से बातचीत करते हुए शुभमन गिल ने कहा कि, “जब हम पहली बार मोहाली आए थे तब मैं 7 साल का था। चूंकि मैंने एक दर्शक के रूप में यहां बहुत सारे मैच देखे थे, इसलिए मेरे लिए मोहाली में एक अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलना एक सपना था। मैंने कुछ आईपीएल मैच खेले हैं लेकिन अपने परिवार के सामने अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना स्पेशल था।”

इस मैच में रुतुराज गायकवाड़ और इशान किशन दोनों ने अपने मौकों का फायदा उठाया है। गिल ने आगामी वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग परिस्थितियों में प्रदर्शन करने की अपनी अनुकूलन क्षमता को लेकर भी बात की।

भारत के सलामी बल्लेबाज ने कहा कि, “मुझे लगता है कि मेरी ताकत यह जानना है कि कब आक्रमण करना है और कब डिफेन्स करना है। आप मुझसे वर्ल्ड कप में परिस्थिति के अनुसार खेलने की उम्मीद कर सकते हैं। मैं विपक्षी टीम और परिस्थितियों के अनुकूल ढलने की कोशिश करूंगा और खुद को अच्छा प्रदर्शन करने का पूरा मौका दूंगा।”

यह भी पढ़ें: भारत से हारने के बाद भी अपनी टीम की तारीफ करते नहीं तक रहे Pat Cummins

close whatsapp