वर्ल्ड कप 2023: एक बार फिर भारत-पाकिस्तान मैच पर बारिश का साया! अहमदाबाद में 14 और 15 को होगी बारिश
14 अक्टूबर को खेला जाएगा भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला।
अद्यतन - अक्टूबर 13, 2023 2:09 अपराह्न

ICC वर्ल्ड कप 2023 का सबसे बड़ा मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार (14 अक्तूबर) को खेला जाएगा। दोनों टीमें अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। वनडे विश्व कप के मौजूदा संस्करण में दोनों टीमों का प्रदर्शन अभी तक शानदार रहा है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों मुकाबले में बड़ी जीत हासिल की है।
वहीं, पाकिस्तान ने भी नीदरलैंड और श्रीलंका को अपने शुरुआती मुकाबले में हराया था। अब रोहित शर्मा और बाबर आजम की नजरें जारी वर्ल्ड कप में जीत की हैट्रिक लगाने पर होंगी। हालांकि इस मैच से पहले फैंस के मन में यही सवाल है कि उन्हें यहां पूरा मैच देखने को मिलेगा या नहीं। फैंस को इस बात का डर सता रहा है कि कहीं बारिश इस मैच का मजा किरकिरा न कर दे।
भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान हो सकती है बारिश
Accuweather के अनुसार, अहमदाबाद में शनिवार को बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना भी है। लेकिन इससे मैच के कैंसिल या रद्द होने की संभावना नहीं है। हां बारिश की वजह से खलल जरूर पड़ सकता है। आईएमडी द्वारा साझा किए गए नवीनतम मौसम अपडेट के अनुसार, 14 और 15 अक्तूबर को उत्तरी गुजरात और अहमदाबाद के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
वनडे वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड को देखें, ताे पाकिस्तान की टीम कभी भी भारतीय टीम को नहीं हरा सकी है। अभी तक खेले गए सभी 7 मैच टीम इंडिया ने अपने नाम किए हैं। ऐसे में टीम इंडिया इस मैच को जीतकर इस रिकॉर्ड को 8-0 करना चाहेगी। वहीं पाकिस्तान इस मैच जो जीतकर ODI वर्ल्ड कप में पहली जीत दर्ज करना चाहेगा।
अगर बारिश के कारण मैच रद्द हुआ तो क्या होगा?
अब सभी के मन में ये भी सवाल है कि अगर बारिश के कारण मैच रद्द होता है तो क्या होगा। तो ऐसी परिस्थिति में भारत और पाकिस्तान को एक-एक मिलेंगे। इस मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है। टूर्नामेंट के नॉकआउट मैचों के लिए रिजर्व डे हैं। ऐसी स्थिति में फैंस यही चाहेंगे कि बारिश की वजह से मैच का मजा किरकिरा नहीं हो और उन्हें पूरा मैच देखने को मिले।
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया की करारी हार के बाद भड़के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी, दिया बेतुका बयान!