पाकिस्तान को हार की मझधार में छोड़कर पवेलियन लौट गए मोहम्मद रिजवान
मोहम्मद रिजवान इस मैच में अपनी टीम को जीत ना दिला पाए और 40 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हो गए।
अद्यतन - Oct 20, 2023 10:12 pm

इस समय बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच महत्वपूर्ण मैच खेला जा रहा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 367 रन बनाए थे।
जवाब में पाकिस्तान ने भी इस मैच में काफी अच्छी शुरुआत की और पहले विकेट के लिए इमाम उल हक और अब्दुल्ला शफीक के बीच 134 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी हुई। बता दें, ऑस्ट्रेलिया की तरह इन दोनों बल्लेबाजों ने भी जबर्दस्त बल्लेबाजी की। अब्दुल्ला शफीक की बात की जाए तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मैच में 61 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 64 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
अब्दुल्ला शफीक के अलावा इमाम उल हक ने भी काफी अच्छी बल्लेबाजी की और 70 रनों की जबरदस्त पारी खेली। हालांकि इनफॉर्म बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान इस मैच में अपनी टीम को जीत ना दिला पाए और 40 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 46 रन बनाकर आउट हो गए।
मोहम्मद रिजवान का विकेट एडम जम्पा ने अपने नाम किया। एडम जम्पा ने मैच के 41वें ओवर में मोहम्मद रिजवान को एलबीडब्ल्यू किया और अपनी टीम को महत्वपूर्ण विकेट दिलाया। इससे पहले मोहम्मद रिजवान ने श्रीलंका के खिलाफ मैच जिताऊं पारी खेली थी लेकिन इस मैच में वो अपनी छाप नहीं छोड़ पाए।
काफी खराब स्थिति में है पाकिस्तान टीम
पाकिस्तान टीम इस समय काफी खराब स्थिति में है लेकिन अभी ऐसा बिल्कुल भी नहीं कहा जा सकता कि वो मैच से पूरी तरह से बाहर हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया ने इस मैच में पकड़ बनाई हुई है और वो इसको जरूर जीतना चाहेंगे। मोहम्मद रिजवान के अलावा उसामा मीर भी बिना खाता खोले आउट हो गए और मोहम्मद नवाज भी 14 रन बनाकर एडम ज़म्पा का ही शिकार हुए।
ऑस्ट्रेलिया की बात की जाए तो टीम की ओर से अनुभवी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने जबर्दस्त बल्लेबाजी की और 124 गेंदों में 14 चौके और 9 छक्कों की मदद से 163 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उनके अलावा मिचेल मार्श ने 108 गेंदों में 10 चौके और 9 छक्कों की मदद से 121 रन बनाए।