World Cup 2023: किसी को पता भी नहीं चला और रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ एक अनोखा शतक भी पूरा कर लिया
बतौर कप्तान अपना 100वां मैच खेल रहे हैं रोहित शर्मा।
अद्यतन - अक्टूबर 29, 2023 6:01 अपराह्न

भारत और इंग्लैंड के बीच एक रोमांचक मुकाबला इस वक्त लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में टॉस हारने के बाद टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया के बल्लेबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। जहां सभी बल्लेबाजों ने इंग्लिश गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए वहीं कप्तान रोहित ने एक शानदार अर्धशतक लगाया।
लेकिन इसी बीच आपको बता दें कि कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में बिना कोई गेंद खेले ही अपना शतक पूरा कर लिया था। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में उतरने के साथ ही रोहित शर्मा ने अनोखा शतक पूरा किया। इस मैच में उतरने के साथ ही रोहित शर्मा ने एक खास उपलब्धि हासिल कर ली। वह अब भारत की तरफ से 100 वनडे मुकाबलों में कप्तानी करने वाले दिग्गज कप्तान की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।
रोहित शर्मा ने कप्तानी में पूरा किया अपना शतक
भारत की तरफ से ऐसा करने वाले रोहित महज 7वें कप्तान हैं। रोहित शर्मा ने विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में अपनी इंटरनेशनल मुकाबलों की कप्तानी का शतक पूरा किया. इससे पहले भारत की तरफ से कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड. सौरव गांगुली, एमएस धोनी, विराट कोहली इससे पहले 100 इंटरनेशनल मैच में कप्तानी कर चुके हैं।
इस लिस्ट में सबसे आगे धोनी का नाम आता है, जिन्होंने 332 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की। धोनी के बाद अजहरुद्दीन ने 221, विराट कोहली ने 213, सौरव गांगुली ने 196, कपिल देव ने 108 जबकि राहुल द्रविड़ ने 104 मैच में भारत की कप्तानी की थी। अब इस लिस्ट में नया नाम रोहित शर्मा का जुड़ गया है।
वहीं इस मैच की बात करें तो इंग्लैंड के खिलाफ रोहित शर्मा ने वर्ल्ड कप 2023 में 101 गेंद पर 10 चौके और 3 छक्के की मदद से 87 रन की पारी खेली। शतक से ठीक पहले वो बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे। रोहित के अलावा अन्य सभी बल्लेबाज फ्लॉप ही साबित हुए।
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: इंग्लिश गेंदबाजों ने उड़ाए भारत के होश, जडेजा-शमी भी लौटे पवेलियन