CWC 2023: इस टीम से बेहद डरे हुए हैं वसीम अकरम, पाकिस्तान को आगाह करते हुए कही बड़ी बात
बांग्लादेश और इंग्लैंड जारी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए हैं।
अद्यतन - Nov 2, 2023 7:50 pm

पाकिस्तान का जारी आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में बेहद खराब प्रदर्शन रहा है, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ सात विकेट की जीत ने उनकी सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदों को फिर से जिंदा कर दिया है। बाबर आजम की अगुआई वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम को जारी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 में पहले दो जीत के बाद लगातार चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ जीत के साथ राहत की सांस लेने का मौका मिला।
अब बांग्लादेश और इंग्लैंड जारी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए हैं। लेकिन पाकिस्तान के पास अभी भी सेमीफाइनल में जाने का मौका है, लेकिन उन्हें अब अपने अंतिम दो मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ जीतने होंगे, और साथ ही यह भी उम्मीद करनी होगी की अन्य परिणाम भी उनके पक्ष में रहे।
अब भी सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर सकता है पाकिस्तान
पाकिस्तान के इस टूर्नामेंट में अंतिम दो मैच -4 नवंबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में और 11 नवंबर को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में है। इस बीच, पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज वसीम अकरम ने कहा कि इंग्लैंड के पास अब खोने के लिए कुछ भी नहीं है, इसलिए वे अन्य टीमों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं।
यहां पढ़िए: ‘यह थोड़ी दूर की बात है’- इंग्लैंड क्रिकेट टीम के हेड कोच बनने पर Eoin Morgan
आपको बता दें, इंग्लैंड के जारी वर्ल्ड कप 2023 में तीन मैच 4 नवंबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में, 8 नवंबर को नीदरलैंड के खिलाफ पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में और 11 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में शेष हैं। अब डिफेंडिंग चैंपियंस ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की सेमीफाइनल में जाने की उम्मीदों पर पानी फेर सकते हैं।
पाकिस्तान को अब केवल प्रार्थना करना है: वसीम अकरम
वसीम अकरम ने A Sports के हवाले से कहा: “पाकिस्तान अब केवल एक ही काम कर सकता है। उन्हें बस अपने शेष मैच जीतने हैं और फिर उम्मीद और प्रार्थना करनी है कि अन्य टीमों का रिजल्ट उनके लिए फायदेमंद रहे, क्योंकि वो चीजें आपके नियंत्रण में नहीं हैं। अगर न्यूज़ीलैंड फिर से बड़े अंतर से हारता है, तो यह पाकिस्तान के बस में नहीं है। उन्हें अपने क्रिकेट पर ध्यान देना चाहिए।
अगले दो मैच, बड़ी टीमों के खिलाफ है। मुझे इंग्लैंड से डर लग रहा है, क्योंकि वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हैं। वे निडर क्रिकेट खेलने जा रहे हैं, क्योंकि उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है। वे आक्रामक होंगे और किसी की भी पार्टी खराब करना चाहेंगे।”