World Cup 2023: डेंगू से हुआ शुभमन गिल का बुरा हाल, कहा- अभी भी पूरी तरह से नहीं हुआ हूं फिट
श्रीलंका के खिलाफ मैच में शुभमन गिल ने खेली 92 रनों की पारी।
अद्यतन - Nov 3, 2023 12:20 pm

कल श्रीलंका के खिलाफ मैच में टीम इंडिया के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार 92 रनों की पारी खेली। उनकी इसी पारी के बदौलत टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। श्रीलंका के खिलाफ 92 गेंद में इतने ही रन बनाने वाले भारतीय सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने मैच के बाद खुलासा करते हुए कहा कि डेंगू होने के बाद वह अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हो पाये हैं।
आपको बता दें कि गिल डेंगू की वजह से वर्ल्ड कप के शुरुआती दो मैच नहीं खेल पाए थे। इसी बीच गिल ने मैच के बाद कहा, मैं पूरी तरह फिट नहीं हूं, डेंगू होने के बाद मेरा चार किलो वजन घट गया है। गिल ने कहा कि वह श्रीलंकाई टीम पर दबाव बनाने के लिए संयमित बल्लेबाजी करना चाहते थे।
अपनी बल्लेबाजी को लेकर शुभमन गिल ने दिया बड़ा बयान
उन्होंने कहा, कुछ गेंद सीम कर रही थीं और मैंने उन्हें हिट किया, मैं गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था, मुझे लगता है कि पिछले मैच को छोड़कर मुझे सभी मैचों में शुरूआत मिली। गिल ने कहा, हमने आज स्ट्राइक रोटेट करने के बारे में सोचा, ईमानदारी से कहूं तो मुझे नहीं लगा कि यह 400 रन वाला विकेट था, हमने अच्छी बल्लेबाजी कर 350 रन बनाए।
गिल ने साथ ही भारतीय तेज गेंदबाजों और श्रेयस की प्रशंसा की। भारत के सलामी बल्लेबाज ने कहा, उन्होंने जिस तरह से गेंदबाजी की, हम विकेटों की उम्मीद कर रहे थे, सिराज हमेशा आक्रामक गेंदबाजी करता है, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने हमारे लिए काम आसान कर दिया। श्रेयस आज काफी अहम रहे, उन्होंने शानदार बल्लेबाजी की।
आपको बता दें कि, भारत वर्ल्ड कप 2023 में सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम भी बन गई है। इस मैच में पांच विकेट लेने वाले मोहम्मद शमी को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने दूसरी बार ये कारनामा किया। वर्ल्ड कप के इतिहास में उन्होंने तीसरी बार पांच विकेट चटकाए।
यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ श्रीलंका की शर्मनाक हार पर रसेल अर्नोल्ड का रिएक्शन हुआ वायरल