AUS vs WI: मिचेल स्टार्क ने पूरे किए अपने 350 टेस्ट विकेट, इस शानदार उपलब्धि को हासिल करने वाले बने पांचवें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज
मिचेल स्टार्क ने यह बेहतरीन उपलब्धि सिर्फ 87 टेस्ट मैच में पूरी की।
अद्यतन - Jan 25, 2024 3:19 pm

इस समय ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा और अंतिम टेस्ट मुकाबला ब्रिसबेन के गाबा में खेला जा रहा है। इस मैच में अभी तक दोनों ही टीमों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने दूसरे टेस्ट के खेल के पहले दिन एक शानदार उपलब्धि को अपने नाम किया।
मिचेल स्टार्क ने टेस्ट प्रारूप में 350 विकेट हासिल कर लिए हैं और इस शानदार उपलब्धि को हासिल करने वाले वो पांचवे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज है। बता दें, दूसरे टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले उन्हें इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए दो विकेट लेने थे। मिचेल स्टार्क ने पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर युवा सलामी बल्लेबाज टी. चंद्रपाल को आउट किया और उन्हें वापस पवेलियन की राह दिखाई।
इसके तुरंत बाद अनुभवी तेज गेंदबाज ने युवा खिलाड़ी Alick Athanaze को भी आउट कर इस शानदार उपलब्धि को हासिल किया। मिचेल स्टार्क ने यह बेहतरीन उपलब्धि सिर्फ 87 टेस्ट मैच में पूरी की। स्टार्क से पहले यह उपलब्धि शेन वॉर्न, ग्लेन मैकग्रा, डेनिस लीली और नाथन लियोन ने हासिल कर ली है।
अभी तक दोनों टीमें काफी अच्छी स्थिति में है
बता दें, पहले टेस्ट मैच को ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से अपने नाम किया था। उस मुकाबले में भी ऑस्ट्रेलिया की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। अब इस दूसरे और अंतिम टेस्ट मैच को भी दोनों टीमें अपने नाम जरुर करना चाहेगी।
दूसरे टेस्ट मैच की बात की जाए तो ऑस्ट्रेलिया ने इसमें काफी अच्छी शुरुआत की थी। हालांकि वेस्टइंडीज ने भी इस मैच में वापसी कर ली है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया वेस्टइंडीज को दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में जल्द से जल्द आउट करना चाहेगा। वहीं अगर वेस्टइंडीज को यह मैच जीतना है तो उन्हें मेजबान के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाना होगा। अब देखना यह है कि दूसरे टेस्ट को कौनसी टीम अपने नाम करती है?