अगर रैंक टर्नर हुआ तो हार्टले बिशन सिंह बेदी और जो रूट मुरलीधरन बन जाएंगे- आकाश चोपड़ा
हैदराबाद टेस्ट मैच में टीम इंडिया को मिली थी 28 रनों से हार।
अद्यतन - Jan 31, 2024 4:00 pm

इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट मैच हारने के बाद भारतीय टीम के फैंस को बड़ा झटका लगा है। क्रिकेट एक्सपर्ट सहित सभी फैंस इस सीरीज के लिए भारत को फेवरेट्स मान रहे थे लेकिन जिस तरह से इंग्लैंड की टीम ने पहले टेस्ट मैच में प्रदर्शन किया वो वाकई शानदार था। इसी बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने दूसरे टेस्ट के लिए रैंक टर्नर बनाने के खिलाफ टीम इंडिया और बीसीसीआई को एक अलग सलाह दी है।
अपने यूट्यूब चैनल पर बोलते हुए, 46 वर्षीय आकश चोपड़ा ने भारतीय बल्लेबाजों की फॉर्म पर सवाल उठाया और चेतावनी दी कि स्पिन ट्रैक तैयार करने का फैसला घरेलू टीम के लिए उलटा पड़ सकता है।
आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि, “अत्यधिक उत्साहित न हों कि ‘हमें टर्निंग पिचों की जरूरत है’ क्योंकि आपके [टीम इंडिया] बल्लेबाज फॉर्म में नहीं हैं। जब बल्लेबाज फॉर्म में नहीं हैं, तो आपके स्पिनर और उनके [इंग्लैंड] स्पिनर समान रूप से प्रभावी होंगे।”
आकाश चोपड़ा ने रैंक टर्नर पिच तैयार करने से पहले टीम इंडिया को दी चेतावनी
चोपड़ा का मानना है कि रैंक टर्नर से भारतीय आक्रमण को कोई फायदा नहीं होता क्योंकि इंग्लैंड के स्पिनर भी उतना ही नुकसान कर सकते हैं। चोपड़ा ने कहा, “उनके [इंग्लिश स्पिनरों] के पास सटीकता नहीं है, लेकिन इससे क्या फर्क पड़ता है? टॉम हार्टले बिशन पाजी की तरह गेंदबाजी करते हैं और जो रूट उस तरह के ट्रैक पर मुथैया मुरलीधरन बन जाते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि बल्लेबाजी वाली पिच तैयार करने से इंग्लैंड के बल्लेबाजों को चौतरफा आक्रमण करने और भारतीय गेंदबाजी को कमजोर करने में मदद कर सकता है। चोपड़ा ने इंग्लैंड की आक्रामक बल्लेबाजी का मुकाबला करने के लिए भारत को कुलदीप यादव को प्लेइंग XI में शामिल करने का सुझाव दिया।
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने अंत में कहा कि, “मैं इस बात से सहमत हूं कि इंग्लैंड एक अच्छी सतह पर तेजी से रन बनाएगा। लेकिन मैं कुलदीप को मौका दे सकता हूं और उम्मीद है कि वह इंग्लिश बल्लेबाजों के लिए एक जाल बुन सकता है। मैं एक अच्छी पिच की उम्मीद कर रहा हूं, लेकिन मुझे नहीं पता कि भारत क्या सोच रहा है।”