IPL 2024, KKR vs DC First Inning Highlights:

KKR vs DC: मैकगर्क के बाद पंत-स्टब्स का भी बल्ला रहा फ्लॉप, दिल्ली ने कोलकाता को दिया 154 रनों का लक्ष्य

कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बोर्ड पर लगाए हैं।

KKR vs DC (Photo Source: BCCI/IPL)
KKR vs DC (Photo Source: BCCI/IPL)

IPL 2024, KKR vs DC First Inning Highlights: आईपीएल 2024 में 29 अप्रैल के दिन का महामुकाबला ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है। DC कप्तान ऋषभ पंत ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, लेकिन टीम इस पर खरी नहीं उतर पाई।

दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 153 रन बोर्ड पर लगाए हैं। कुलदीप यादव ने टीम के लिए 35 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वरुण चक्रवर्ती ने सर्वाधिक 3 विकेट लिया।

KKR vs DC: दिल्ली ने पावरप्ले में गंवाए थे तीन बड़े विकेट

दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद ही खराब रही थी, टीम ने पावरप्ले के अंदर ही तीन बड़े विकेट गंवा दिए थे। पृथ्वी शॉ (13), जेक फ्रेजर मैकगर्क (12) और शाई होप (6) सस्ते में पवेलियन लौट गए थे। तीन झटकों के बाद कप्तान ऋषभ पंत और अभिषेक पोरेल के बीच साझेदारी पनपते हुए नजर आ रही थी। लेकिन सातवें ओवर में अभिषेक पोरेल 15 गेंदों में 18 रन बनाकर हर्षित राणा के खिलाफ आउट हो गए, और दिल्ली को 68 के स्कोर पर चौथा झटका लगा।

वरुण चक्रवर्ती ने पंत, स्टब्स और कुमार कुशाग्र पर कसा शिकंजा

ऋषभ पंत एक छोर से अटैकिंग क्रिकेट खेलते हुए नजर आ रहे थे, लेकिन आज कप्तान टीम के लिए बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पंत 20 गेंदों में 27 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ विकेट गंवा बैठे। वरुण ने फिर 13वें ओवर में ट्रिस्टन स्टब्स (4) और 15वें ओवर में कुमार कुशाग्र (1) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। वरुण चक्रवर्ती ने अपने स्पैल में 16 रन देकर तीन विकेट चटकाया।

KKR vs DC: कुलदीप यादव ने खेली 35* रनों की पारी

अक्षर पटेल से टीम को बड़ी उम्मीदें थी, लेकिन वो भी आज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए। अक्षर 14वें ओवर में सुनील नरेन (15) के खिलाफ विकेट गंवा बैठे।

कुलदीप यादव ने 26 गेंदों में 5 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसके बल पर दिल्ली कैपिटल्स ने 9 विकेट के नुकसान पर 153 रन बोर्ड पर लगाए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए वैभव अरोरा और हर्षित राणा ने 2-2 विकेट लिया। वहीं सुनील नरेन और मिचेल स्टार्क के नाम 1-1 विकेट शामिल रहा।

 

close whatsapp