IPL 2025 का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे हार्दिक पांड्या, BCCI ने लगाया बैन
आईपीएल 2024 के आखिरी लीग स्टेज मैच में MI को लखनऊ से मिली हार।
अद्यतन - May 18, 2024 10:43 am

आईपीएल 2024 में 17 मई को मुंबई इंडियंस ने सीजन का आखिरी लीग मैच खेला। इस मैच में हार्दिक एंड कंपनी को लखनऊ के खिलाफ 18 रनों से हार का सामना करना पड़ा। इस हार से अभी तक मुंबई की टीम उबर भी नहीं बन पाई थी कि अब उन्हें एक और झटका लगा है। हार्दिक पंड्या पर स्लो ओवर रेट के लिए फाइन लगाया गया है। इस सीजन में हार्दिक तीसरी बार स्लो ओवर रेट के मामले में दोषी पाए गए हैं।
यह आईपीएल के नियमों के उल्लंघन का उनकी टीम का सीजन का तीसरा मामला था, इसलिए पांड्या पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है और अब उन्हें एक मैच का बैन भी झेलना होगा। बाकी खिलाड़ियों और इम्पैक्ट प्लेयर पर भी जुर्माना लगाया गया है। हर खिलाड़ी पर या तो 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है या फिर उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जो भी कम हो।
IPL 2025 का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम ने इस सीजन अपने लीग स्टेज के सभी मुकाबले खेल लिए हैं और अब उन्हें इस सीजन के भी मैच नहीं खेलना है, ऐसे में हार्दिक पांड्या अगले सीजन में अपना पहला मैच मिस करेंगे और उन्हें उस मैच में खेलने का मौका नहीं मिल सकेगा। दरअसल हार्दिक की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम इस सीजन पहले ही दो मैचों में स्लो ओवर रेट के नियमों को तोड़ चुकी है। ऐसे में तीसरी बार ऐसा करने पर टीम के कप्तान पर बैन लगाया जाता है।
आईपीएल 2024 के लिए हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान बनाया गया था। उनके लिए मुंबई इंडियंस के मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाया। हार्दिक की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन इस सीजन बेहद निराशाजनक रहा।
हार्दिक पांड्या ने बतौर कप्तान पिछले दो सीजन में काफी अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन 2024 में उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस की टीम 14 मैचों में से सिर्फ चार मुकाबले ही जीत सकी और वह अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रहे। उन्हें अपने आखिरी मैच में भी लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने होम ग्राउंड पर हार का सामना करना पड़ा है।