बांग्लादेश से टी20 सीरीज जीतने के बाद अब अली खान भारत और ऑस्ट्रेलिया जैसी टीमों को दे रहे हैं कड़ी चेतावनी
अली खान ने इस मैच में 3.3 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट झटके।
अद्यतन - मई 24, 2024 4:47 अपराह्न

23 मई को खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में USA ने बांग्लादेश को 6 रनों से हराया और तीन मैच की टी20 सीरीज को 2-0 से अपने नाम किया। बता दें, इस मैच में USA की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि महत्वपूर्ण समय में मेजबान की ओर से अनुभवी तेज गेंदबाज अली खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए।
अली खान ने इस मैच में 3.3 ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट झटके। एक समय बांग्लादेश मजबूत स्थिति में थी और उन्हें आखिरी तीन ओवर में मैच जीतने के लिए सिर्फ 21 रन बनाने थे और टीम के चार विकेट बचें हुए थे। हालांकि इसके बाद अली खान ने एक ही ओवर में शाकिब अल हसन और तंजीम हसन साकीब को आउट किया और फिर अंतिम ओवर में रिशाद हुसैन का विकेट हासिल करने के बाद USA को जीत दिलाई।
मैच खत्म होने के बाद अली खान ने आगामी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में सभी टीमों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि USA टीम अभी भी काफी भूखी है और जो भी उनके रास्ते में आएगी उन्हें वो खा जाएंगे। ESPNक्रिकइंफो के मुताबिक अली खान ने कहा कि, ‘हम सभी खिलाड़ी भूखे हैं और जो भी हमारे रास्ते में आएगा हम उनको खा जाएंगे। यही समय है जब हम अपनी टीम में कुछ बदलाव कर सकते हैं। लेकिन हमारी टीम काफी अच्छी है और सभी खिलाड़ी भूखे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि USA टी20 वर्ल्ड कप 2024 में विरोधी टीम को निराश जरूर करेगी।’
हम लोग USA को वर्ल्ड क्रिकेट मैप पर लाना चाह रहे हैं: अली खान
तेज गेंदबाज ने आगे कहा कि, ‘हम USA को वर्ल्ड क्रिकेट मैप में लाना चाह रहे हैं। कभी-कभी जब आप किसी बड़ी टीम के खिलाफ जीत दर्ज करते हैं तो लोग कहते हैं कि ‘अरे, यह तुक्का था।’ लेकिन उन्हें दो बार हराना और वो भी लगातार और सीरीज जीतना तुक्का नहीं है। हमारी टीम में ऐसे कई खिलाड़ी हैं जो काफी अच्छे हैं और हम उन्हें ज्यादा से ज्यादा मौका देंगे।
अपनी बात करूं तो मैं चोट से वापस आ रहा हूं और लय पाने में मुझे थोड़ा समय जरूर लगेगा। मैं बस यही चाहता हूं था कि मैदान पर उतरकर परिस्थिति का अच्छी तरह से इस्तेमाल करूं। पहले मैच में भले ही मुझे रन ज्यादा पड़े हो लेकिन दूसरे मैच में मैंने काफी अच्छी वापसी की। जो मैंने उस खेल से सीखा वही मैंने यहां पर करने की कोशिश की।’