Team India SWOT Analysis: T20 World Cup के लिए क्या है भारत की ताकत और कमजोरी, जानिए सब कुछ यहां
2011 के बाद एक भी वर्ल्ड कप नहीं जीत पाई है टीम इंडिया।
अद्यतन - मई 31, 2024 3:11 अपराह्न

आईपीएल 2024 का फीवर खत्म हो चुका है और अब क्रिकेट फैंस की नजरें टी-20 वर्ल्ड कप पर है। टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की टीम यूएसए पहुंच चुकी है और जोर-शोर से इस आईसीसी इवेंट की तैयारी कर रही है। भारत की टीम पिछले 11 सालों से कोई भी ICC ट्रॉफी नहीं जीत पाई है। ऐसे में सभी के मन में इस वक्त एक ही सवाल है कि क्या इस बार भारतीय टीम टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीत पाएगी।
इस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए सेलेक्टर्स ने जिस टीम का चयन किया है वो पेपर पर शानदार दिख रही है। लेकिन क्या ये प्लेयर्स भारत के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर पाएंगे या नहीं ये बड़ा सवाल है। इस आर्टिकल में हम आज टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत की (SWOT Analysis) सबसे बड़ी ताकत क्या है और कहां चूक हो सकती है, इस बारे में बात करेंगे।
Strength (भारत की सबसे बड़ी ताकत)
टीम इंडिया के पास अनुभवी और युवा खिलाड़ियों की फौज
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की सबसे बड़ी ताकत है उनके अनुभवी खिलाड़ी। कप्तान रोहित शर्मा उन प्लेयर्स में से है जो अभी तक टी20 वर्ल्ड कप के सभी 8 सीजन खेले हैं और उनके साथ विराट कोहली, रवींद्र जडेजा, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी हैं, इसलिए अनुभव की कोई कमी नहीं है। इन सभी के पास टी-20 क्रिकेट का तो लंबा अनुभव है ही, साथ ही वेस्टइंडीज की परिस्थिति की भी समझ है। हालांकि अमेरिका में भारतीय टीम पहली बार खेल रही है। ऐसे में भारत को वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है
भारत के पास टॉप आर्डर के लिए कप्तान रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली जैसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी दबाव वाले स्थिति से टीम को बाहर निकाल सकते हैं और अगर बात जहां आक्रामक क्रिकेट खेलने की आती है तो उसके लिए टीम में यशस्वी जायसवाल, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी हैं जो पहली गेंद से ही चौके छक्के लगा सकते हैं। हालांकि प्लेइंग इलेवन में किसे शामिल किया जाएगा, ये देखना भी दिलचस्प रहने वाला है।
Weakness (भारत की सबसे बड़ी कमजोरी)
जहां टीम इंडिया के पास बेहद मजबूत टॉप ऑर्डर है तो वहीं वहीं सवाल ये है कि अब फिनिशर की भूमिका कौन निभाएगा? फिनिशर के मामले में थोड़ी मजोरी नजर आती है। सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, संजू सैमसन, शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी आईपीएल में अपनी-अपनी टीमों के लिए टॉप 5 में बल्लेबाजी करते हैं। हार्दिक पांड्या का तो बल्ला भी इस साल पूरी तरह से खामोश रहा है। टी-20 में फिनिशर के तौर पर रवींद्र जडेजा का प्रदर्शन उस तरह का नहीं रहा है, जिसे देखकर उनके ऊपर भरोसा किया जा सके। ऐसे में यह भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय हो सकता है।
Opportunities (किस प्लेयर के पास होगा मौका)
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम अनुभव और क्षमता से संतुलित है। यशस्वी जयसवाल ने इंग्लैंड सीरीज के दौरान रेड बॉल क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया और अब उनके पास सफेद गेंद क्रिकेट में भी इसी तरह का प्रभाव डालने का सबसे अच्छा मौका है। यह देखना दिलचस्प होगा कि रोहित और राहुल द्रविड़ विकेटकीपिंग की भूमिका के लिए ऋषभ या संजू में से किसी एक को चुनते हैं या नहीं, क्योंकि दोनों ने हालिया आईपीएल में प्रभावित किया था। सैमसन आंकड़ों के मामले में थोड़ा आगे थे और उन्हें यहां थोड़ा तवज्जो मिल सकता है।
सैमसन और दुबे अपने पहले वर्ल्ड कप में भाग लेने के लिए तैयार हैं और उनके पास खुद को साबित करके, भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की करने का बेहतरीन मौका है। दोनों ने आईपीएल 2024 में अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और वर्ल्ड कप में भी उस गति को बरकरार रखने के लिए उत्सुक होंगे।
Threats (बुमराह के अलावा सभी गेंदबाजों का फॉर्म चिंता का विषय)
डेथ ओवरों की बात की जाए तो वहां जसप्रीत बुमराह अभी तक शानदार रहे हैं, लेकिन उनके अलावा कोई भी गेंदबाज कुछ खास नहीं कर पाया है। जसप्रीत बुमराह में टी-20 में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहे हैं और वह अच्छा प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। भारत के पास बुमराह का साथ देने के लिए मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह हैं। लेकिन इन दोनों प्लेयर्स का आईपीएल का सीजन उतना अच्छा नहीं रहा है। सिराज पावरप्ले में अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी टीम को चिंता दे सकती है।