पूरन और जॉनसन की जोड़ी ने बल्ले से मचाई तबाही, WI ने बनाया टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास का पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में बनाए 218 रन।
अद्यतन - जून 18, 2024 8:16 पूर्वाह्न

टी-20 वर्ल्ड कप 2024 लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान के बीच सेंट लूसिया के डैरेन सैमी नेशनल क्रिकेट स्टेडियम ग्रोस आइलेट में खेला गया। इस मैच में विंडीज के बल्लेबाजों ने जो तबाही मचाई है, उसे अफगानी गेंदबाज जिंदगी भर याद रखेंगे। अफगानिस्तान के खिलाफ निकोलस पूरन और जॉनसन चार्ल्स के बल्ले से तूफ़ान आया।
पूरन ने इस मैच में एक ओवर में 36 रन बटोरे तो वहीं उन्होंने चार्ल्स के साथ के साथ मिलकर पावरप्ले में टी-20 वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया। इस तरह से उन्होंने नीदरलैंड्स का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा दिया। पहले 6 ओवर में वेस्टइंडीज ने 1 विकेट के नुकसान पर 92 रन बनाया। यह टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का पावरप्ले का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इससे पहले यह रिकॉर्ड नीदरलैंड्स के नाम था जब 2014 में उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 1 विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाए थे। वहीं बात वर्ल्ड रिकॉर्ड की करें तो T20I क्रिकेट का यह पावरप्ले में बना चौथा सबसे बड़ा स्कोर है। इस फॉर्मेट में अब तक सिर्फ एक ही टीम पावरप्ले में 100 रन का आंकड़ा पार करने में कामयाब रही है। साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2023 में पहले 6 ओवर में 102 रन बनाए थे।
टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर
92/1- वेस्टइंडीड बनाम अफगानिस्तान- ग्रोस आइलेट, 2024
91/1 – नीदरलैंड्स बनाम आयरलैंड – सिलहट, 2014
89/3 – इंग्लैंड बनाम दक्षिण अफ्रीका – वानखेड़े, 2016
83/0 – दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड – वानखेड़े, 2016
82/2 – भारत बनाम स्कॉटलैंड – दुबई, 2021
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे ज़्यादा पावरप्ले स्कोर
102 – दक्षिण अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन, 2023
98/4 – वेस्टइंडीज बनाम श्रीलंका, कूलिज, 2021
93/0 – आयरलैंड बनाम वेस्टइंडीज, सेंट जॉर्ज, 2020
92/1 – वेस्टइंडीज बनाम अफगानिस्तान, ग्रोस आइलेट, 2024
बताते चलें कि अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। दोनों ही टीमें पहले ही मौजूदा टूर्नामेंट में सुपर-8 का टिकट हासिल कर चुकीं हैं। ऐसे में आज के मुकाबले का कोई असर नहीं होगा। पहले बल्लेबाजी करते हुए इस मैच में वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। अब देखना ये दिलचस्प होगा कि अफगनिस्तान के बल्लेबाज इस लक्ष्य को हासिल कर पाते हैं या नहीं।