श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए होगी श्रेयस अय्यर की वापसी, रियान पराग को भी मिल सकता है मौका
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रेयस अय्यर को मिल सकता है मौका।
अद्यतन - जून 19, 2024 10:24 पूर्वाह्न

साल 2024 टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के लिए काफी उतार चढाव भरा रहा है। वनडे वर्ल्ड कप 2023 में शानदार प्रदर्शन करने के बाद चोट की वजह से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से उन्हें टीम से बाहर किया गया। फिर उनको भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर कर दिया गया था चूंकि वे रणजी ट्रॉफी खेलने के लिए नहीं गए थे।
हालांकि इसके बाद श्रेयस की कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था। इसके बाद अब श्रेयस अय्यर को लेकर एक और बड़ी खबर सामने आ रही है। कुछ रिपोर्ट्स की माने तो अय्यर को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया जा सकता है।
श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में मिल सकता है श्रेयस अय्यर को मौका
श्रेयस को पांच जुलाई से जिंबाब्वे के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए भी चुना जा सकता है, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए उनके चुने जाने की संभावना अधिक है। श्रीलंका के खिलाफ भारत को जुलाई-अगस्त में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज गौतम गंभीर द्रविड़ की जगह अगले कोच पद के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
दिलचस्प बात यह है कि गंभीर आईपीएल में केकेआर के मेंटोर थे। मालूम हो कि श्रेयस को ईशान किशन के साथ भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के केंद्रीय अनुबंध से बाहर कर दिया गया था चूंकि वे रणजी ट्रॉफी खेलने से कतरा रहे थे। श्रेयस ने रणजी फाइनल खेलकर 90 रन बनाए थे।
जिम्बाब्वे सीरीज में मिल सकता है रियान को मौका
जिंबाब्वे के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए जल्द ही टीम का एलान हो सकता है। आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई युवा खिलाड़ी इस समय बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में हैं। जिंबाब्वे जाने वाली टीम में रिंकू सिंह, शुभमन गिल, आवेश खान, खलील अहमद जैसे आईपीएल स्टार होंगे। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव को आराम नहीं दिया गया तो वे कप्तान और उपकप्तान हो सकते हैं।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, श्रेयस इस समय एनसीए में नहीं है। एनसीए में अधिकांश वे क्रिकेटर हैं जिन्होंने आईपीएल में अच्छा खेला और जिंबाब्वे जा सकते हैं। इनमें अभिषेक शर्मा, रियान पराग, मयंक यादव, हर्षित राणा, नीतिश रेड्डी, विजयकुमार विशाख, यश दयाल शामिल हैं। ऐसी संभावना है कि श्रेयस श्रीलंका में तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जा सकता है। उसने वनडे विश्व कप में 500 से अधिक रन बनाए थे और उसका औसत 50 के करीब है। उसे बाहर कैसे कर सकते हैं।