Two unforgettable World Cup final catches: 1983 में कपिल देव और 2024 में सूर्यकुमार यादव के कैच ने भारत को बनाया चैंपियन
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 फाइनल में बाउंड्री रोप पर डेविड मिलर का हैरतअंगेज कैच पकड़ा था
अद्यतन - जून 30, 2024 1:50 अपराह्न

टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत चैंपियन बना है। इस जीत के साथ टीम ने 11 साल के आईसीसी खिताब के सूखे को खत्म कर दिया है। टीम इंडिया ने इससे पहले पिछली आईसीसी ट्रॉफी 2013 में एमएस धोनी की कप्तानी में जीती थी। अफ्रीकी टीम के खिलाफ बारबाडोस में टीम इंडिया के लिए जीत आसान नहीं थी। एडेन मार्करम की टीम को आखिरी 30 गेंदों में जीत के लिए 30 रनों की दरकार थी।
हेनरिक क्लासेन और डेविड मिलर जैसे घातक बल्लेबाज क्रीज पर मौजूद थे, जो शायद 20 ओवर पूरे खेले बिना ही टीम को जीत दिला सकते थे। हार्दिक पांड्या ने फिर 17वें ओवर में क्लासेन को आउट कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई थी। लेकिन तब भी भारत के लिए जीत मुश्किल थी, क्योंकि डेविड मिलर क्रीज पर मौजूद थे।
साउथ अफ्रीका की पारी का आखिरी ओवर हार्दिक पांड्या ने डाला था, जिसमें 16 रन चाहिए थे। हार्दिक की पहली ही गेंद पर सूर्यकुमार यादव के चलते मिलर विकेट गंवा बैठे। सूर्या ने प्रेशर माइंड में सूझबूझ दिखाते हुए लाजवाब कैच पकड़ा और टीम इंडिया ट्रॉफी अपने नाम कर चुकी थी।
सूर्या ने लॉन्ग-ऑफ पर पकड़ा हैरतअंगेज कैच
डेविड मिलर की मंशा आखिरी ओवर की पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट लगाकर जीत आसान बनाने की थी। लेकिन लॉन्ग-ऑफ पर तैनात सूर्यकुमार यादव ने ऐसा होने नहीं दिया। सूर्या ने बाउंड्री रोप के पास गेंद को पकड़ लिया था, और फिर तुरंत उन्हें गेंद को छोड़ना पड़ा, क्योंकि मोमेंटम के चलते वह रोप के बाहर चले गए थे।
हालांकि तुरंत उन्होंने जंप किया और कैच को पूरा किया। सूर्यकुमार यादव का यह कैच आईसीसी टूर्नामेंट्स के इतिहास में अब तक के सबसे बेहतरीन कैच में से एक हैं। सूर्या की तरह 1983 वर्ल्ड कप में कपिल देव के कैच ने भारत को पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनाया था।
1983 में कपिल देव ने पकड़ा था विवियन रिचर्ड्स का कैच
1983 वर्ल्ड कप का फाइनल भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला गया था। वेस्टइंडीज जीत के लिए 184 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। स्टार बल्लेबाज विवियन रिचर्ड्स (33) टीम को जीत के करीब लेकर जा रहे थे। लेकिन फिर रिचर्ड्स मदन लाल की गेंद पर कपिल देव को कैच थमा कर आउट हो गए थे।
कपिल देव ने मिड-विकेट पर शानदार कैच पकड़ा था, जिसने भारत को पहला वर्ल्ड कप जितवाया और जहां से भारतीय क्रिकेट का सुनहरा दौर शुरू हुआ। विवियन रिचर्ड्स के विकेट ने वेस्टइंडीज को बड़ा झटका दिया और टीम 140 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में जीत के बाद भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। कपिल देव और सूर्यकुमार यादव को उनकी अद्भुत फील्डिंग के लिए सदियों तक याद किया जाएगा।