SL vs IND: पहले वनडे मैच के POTM डुनिथ वेल्लालेग ने भारत के खिलाफ बाॅलिंग प्लानिंग को लेकर किया बड़ा खुलासा
श्रीलंका ने स्पिन गेंदबाजी की बदौलत भारत के खिलाफ पहले वनडे को टाई पर खत्म करवाया है।
अद्यतन - अगस्त 3, 2024 5:59 अपराह्न

भारत और श्रीलंका (SL vs IND) के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच 2 अगस्त को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस लो स्कोरिंग मुकाबले में Dunith Wellalage को 65 गेंदों में 67* रनों की नाबाद पारी के लिए, प्लेयर ऑफ द मैच के अवाॅर्ड से नवाजा गया।
बता दें कि मैच में एक समय पहले बल्लेबाजी करने वाली श्रीलंका लड़खड़ा गई थी, लेकिन इसके बाद डुनिथ अंत तक डटे रहे और टीम का स्कोर 200 रनों के पार पहुंचाया। साथ ही जब भारतीय टीम श्रीलंका से मिले 231 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी, तो 21 वर्षीय ऑलराउंडर ने गेंदबाजी में भी कमाल करते हुए इनफाॅर्म रोहित शर्मा (58) और शुभमन गिल (16) के बड़े विकेट हासिल किए।
मैच खत्म होने के बाद डुनिथ ने कहा कि उन्होंने मैच में सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका की 56 रनों की पारी से प्रेरणा ली थी, और उन्हें पता था कि भारत के पास क्वालिटी बाॅलिंग लाइन-अप है, इस वजह से मुकाबले में वह सिर्फ अपनी गलतियों को सीमित और साझेदारी करना चाहते थे, जिससे कि टीम को मदद मिले।
Dunith Wellalage ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि भारत के खिलाफ पहला वनडे मैच खत्म होने के बाद दुनिथ ने ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से कहा- उनके पास बहुत सारे अनुभवी गेंदबाज हैं, इसलिए जितना अधिक हम अपनी गलतियों को सीमित कर सकते हैं, उतना ही हम उन पर दबाव बना सकते हैं। मैं पथुम निसांका को काफी बल्लेबाजी करते हुए देख रहा था।
मैंने एक योजना बनाते हुए उनकी बल्लेबाजी को अपने दिमाग में रखा। यदि आप पिच को देखें तो यह स्पिन गेंदबाजी को मदद करने वाली पिच थी। मैंने गेंदबाज पर ज्यादा से ज्यादा दबाव बनाने और साझेदारियां बनाने की कोशिश की।
डुनिथ ने आगे कहा- हमें पता था कि विकेट स्पिन कर रहा है, तो चरिथ असलांका ने मुझसे कहा था कि मैं पावरप्ले में गेंदबाजी करूंगा। मुझे पिच से भी अच्छी मदद मिली। मैं उस समय रोहित को सिर्फ विकेट-टू-विकेट गेंदबाजी करने की कोशिश कर रहा था, क्योंकि मुझे पता था कि पिच से कितनी मदद मिल रही थी।