“इंग्लैंड के “Bazball” को नहीं फॉलो कर सकते, हम सिर्फ 2 ही मैच…”- बांग्लादेशी खिलाड़ी जाकिर हसन ने दिया बड़ा बयान
इंग्लैंड के पास ‘Bazball’ क्रिकेट को अपनाने का मौका है क्योंकि वे एक ही सीरीज में चार मैच खेलते हैं। इसलिए उनके पास कुछ नया करने का मौका है- जाकिर हसन
अद्यतन - Aug 4, 2024 4:21 pm

बांग्लादेश क्रिकेट टीम अगस्त-सितंबर में पाकिस्तान और भारत का दौरा करने वाली है। इन दौरों से पहले टीम के ओपनर बल्लेबाज जाकिर हसन ने टेस्ट में टीम के प्रदर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया है। बता दें, आईसीसी टूर्नामेंट्स में बांग्लादेश का प्रदर्शन काफी ज्यादा निराशाजनक रहा है और टेस्ट में भी टीम कुछ खास कमाल नहीं दिखा रही है।
पिछले साल टीम ने केवल चार टेस्ट मैच खेले थे, जिसमें से एक में टीम को जीत मिली थी और तीन में हार का सामना करना पड़ा था। टेस्ट में खराब बल्लेबाजी के चलते बांग्लादेशी खिलाड़ियों को काफी ज्यादा आलोचनाओं का सामना करना पड़ा रहा है।
हम एक सीरीज में दो मैच खेलते हैं- जाकिर हसन
बांग्लादेश के ओपनर जाकिर हसन का कहना है कि वे इंग्लैंड के ‘Bazball’ अप्रोच को फॉलो नहीं कर सकते हैं, क्योंकि इंग्लिश टीम एक टेस्ट सीरीज में चार से पांच मैच खेलती है। और बांग्लादेश एक सीरीज में मात्र दो मैच खेल पाती है। हसन ने इसे एक चिंता का विषय बताया है। जाकिर हसन ने क्रिकबज पर बात करते हुए कहा,
एक क्रिकेटर के तौर पर मेरे लिए खूबसूरत शॉट खेलने से ज्यादा यह मायने रखता है कि मैं अपने प्रदर्शन से टीम की किस तरह मदद करता हूं। जैसा कि आपने टेस्ट में लंबे समय तक खेलने के बारे में कहा, हो सकता है कि इंग्लैंड एक तरह से खेलता हो। लेकिन अगर आप विश्लेषण करें, तो दुनिया भर में जिस तरह से अन्य टीमें टेस्ट खेलती हैं, बल्लेबाजों को रन बनाने में समय लगता है। देखिए, इंग्लैंड के पास ‘Bazball’ क्रिकेट को अपनाने का मौका है क्योंकि वे एक ही सीरीज में चार मैच खेलते हैं। इसलिए उनके पास कुछ नया करने का मौका है।
जाकिर हसन ने आगे कहा,
हमारे पास मौका नहीं है, हम एक सीरीज में दो मैच खेलते हैं और फिर हम एक, दो या तीन महीने बाद खेलते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि अंतरराष्ट्रीय मैच में लागू करने के लिए हमारे पास उनकी (इंग्लैंड) की तुलना में कम मौके हैं। लेकिन अगर आप देखेंगे कि जिस तरह से कुल मिलाकर क्रिकेट खेला जा रहा, अगर हम उस तरीके से क्रिकेट खेलेंगे तो यह हमारे लिए अच्छा होगा।