वेस्टइंडीज के नए तेज गेंदबाज Jayden Seales ने मचा रखा है कोहराम, काफी देखा जा रहा उनका यह वीडियो
दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 7 विकेट खोकर 97 रन बना लिए हैं।
अद्यतन - Aug 16, 2024 4:15 pm

साउथ अफ्रीका की टीम इस वक्त वेस्टइंडीज दौरे पर है, जहां उन्हें 2 टेस्ट मैच और 3 टी20 मुकाबले खेलने हैं। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट मैच 7 अगस्त से 11 अगस्त के बीच खेला गया था, लेकिन मुकाबला ड्रा रहा। फिलहाल 15 अगस्त से शुरू साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज का दूसरा टेस्ट मुकाबला जारी है। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।
एडन मार्करम और टोनी डी ज़ोरज़ी पारी की शुरुआत करने उतरे थे। हालांकि, कैरेबियन गेंदबाज जेडन सील्स, टोनी डी ज़ोरज़ी के लिए काल बनकर आएं। गुयाना के प्रोविडेंस स्टेडियम में अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन जेडन सील्स ने अपनी तेज गेंदबाजी से टोनी डी ज़ोरज़ी का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया।
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने बाएं हाथ के इस बल्लेबाज को सस्ते में आउट कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। यह घटना पारी के चौथे ओवर में हुई, जब गेंद ऑफ स्टंप के बाहर लेंथ पर पड़ कर सीधे अंदर की ओर आई। डी ज़ोरज़ी ने आगे बढ़कर इसे डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे जाकर स्टंप पर लगी। इस तरह की शानदार गेंदबाजी के बाद उन्होंने इस विकेट का जिस अंदाज में जश्न मनाया वो देखने लायक था।
देखें- Jayden Seales vs Tony de Zorzi’s का यह वीडियो
Jayden Seales gets the 2nd Test going with a beauty!😍#WIvSA #MenInMaroon pic.twitter.com/1yX0VYBaCB
— Windies Cricket (@windiescricket) August 15, 2024
इस मुकाबले के लिए कैरेबियाई टीम ने एक बदलाव किया है, केमर रोच की जगह शमार जोसेफ को टीम में शामिल किया गया है। प्रोटियाज टीम ने भी एक बदलाव किया है। उन्होंने लुंगी एन्गिडी जैसे तेज गेंदबाज को बाहर करके स्पिनर डेन पीट को टीम में शामिल किया है।
दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 160 रनों पर ऑल आउट हो गई। शमार जोसेफ ने 5 विकेट हॉल लिया, तो वहीं जेडन सील्स ने 3 विकेट झटके। पहले दिन का खेल खत्म होने तक वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 7 विकेट खोकर 97 रन बना लिए हैं।