Duleep Trophy 2024: भारतीय टेस्ट टीम में वापसी करने के लिए बेताब हैं श्रेयस अय्यर, इंडिया C के खिलाफ खेली तूफानी पारी
इंडिया D की ओर से उनकी दूसरी पारी में कप्तान श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 9 चौके और 1 छक्के की मदद से 54 रनों की आक्रामक पारी खेली।
अद्यतन - सितम्बर 6, 2024 4:50 अपराह्न

दिलीप ट्रॉफी 2024 का दूसरा मुकाबला इंडिया C और इंडिया D के बीच में अनंतपुर के Rural Development Trust Stadium में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंडिया D की ओर से उनकी दूसरी पारी में कप्तान श्रेयस अय्यर ने बेहतरीन बल्लेबाजी की और 44 गेंदों में 9 चौके व 1 छक्के की मदद से 54 रनों की आक्रामक पारी खेली।
बता दें कि, इंडिया D की दूसरी पारी में 40 के स्कोर पर दो विकेट गिर चुके थे, जिसके बाद श्रेयस अय्यर ने एक छोर को संभाला और लगातार आक्रामक शॉट्स खेले। इस मैच की पहली पारी में अय्यर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे और सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए थे। हालांकि, दूसरी पारी में अय्यर ने इंडिया C के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई।
WELL PLAYED, SHREYAS IYER…!!!
– 54 runs from just 44 balls, team losing 2 quick wickets, Iyer played a counter attacking innings. A great confidence boost ahead of the big season. 🇮🇳 pic.twitter.com/GpMvps5akv
— Johns. (@CricCrazyJohns) September 6, 2024
श्रेयस अय्यर के अर्धशतक की वजह से इंडिया D इस समय काफी अच्छी स्थिति में है
इस मैच में इंडिया D ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 164 रन बनाए थे। टीम की ओर से अक्षर पटेल ने 86 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी, जबकि सारांश जैन और अर्शदीप सिंह ने 13-13 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंडिया C भी 168 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इंडिया C के लिए बाबा इंद्रजीत ने 72 रनों की पारी खेली, जबकि अभिषेक पोरेल ने 34 रन बनाए। वहीं इंडिया D की ओर से हर्षित राणा ने चार विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल और सारांश जैन ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। इंडिया D ने अपनी दूसरी पारी की शुरुआत काफी अच्छी तरह से की है और वो इंडिया C को बड़ा लक्ष्य देना चाहेंगे।
बता दें कि, भारतीय टीम को अब बांग्लादेश के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। श्रेयस अय्यर भी आगामी टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए बेताब होंगे। ऐसी रिपोर्ट भी सामने आ रही है कि दलीप ट्रॉफी 2024 के बीच में ही भारतीय टेस्ट टीम की घोषणा की जाएगी। हाल ही में खत्म हुई श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रेयस अय्यर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे थे, लेकिन बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में वो अपनी छाप जरूर छोड़ना चाहेंगे।