मैं एमएस धोनी सर की वजह से CSK में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं: कमलेश नागरकोटी  - क्रिकट्रैकर हिंदी

मैं एमएस धोनी सर की वजह से CSK में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं: कमलेश नागरकोटी 

युवा गेंदबाज को सीएसके ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइस में खरीदा है।

Kamlesh Nagarkoti and MS Dhoni (Image Credit- Twitter X)
Kamlesh Nagarkoti and MS Dhoni (Image Credit- Twitter X)

युवा भारतीय तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी (Kamlesh Nagarkoti) आईपीएल 2024 में अनसोल्ड रह गए थे। हालांकि, पिछले महीने सऊदी अरब के जेद्दाह में हुए आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में गेंदबाज को पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने 30 लाख रुपए के बेस प्राइस पर खरीदा। वहीं अब उन्होंने सीएसके में शामिल होने को लेकर बड़ा बयान दिया है।

गौरतलब है कि साल 2018 में हुए अंडर- 19 वर्ल्ड कप में लगातार 145 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करने की वजह से नागरकोटी सुर्खियों में आए थे। वहीं इस सीजन युवा खिलाड़ी की गेंदबाजी ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में भी अहम योगदान दिया था।

इसके बाद आईपीएल 2018 के ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स ने युवा गेंदबाज को 3.20 करोड़ की बड़ी रकम देकर अपने साथ जोड़ा था। हालांकि, नागरकोटी का इंजरी ने साथ नहीं छोड़ा और वह ज्यादा टूर्नामेंट नहीं खेल पाए।

अभी तक उन्होंने सिर्फ 12 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने महज पांच विकेट हासिल किए हैं। आखिरी बार वह मार्च 2022 में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि, अब आईपीएल के 18वें सीजन में वह सीएसके की ओर से खेलते हुए नजर आने वाले हैं।

Kamlesh Nagarkoti ने दिया बड़ा बयान

बता दें कि हाल में ही टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ चर्चा करते हुए कमलेश नागरकोटी ने कहा- मैं काफी समय से इसका इंतजार कर रहा था। मैं आभारी हूं कि मुझे एक बार फिर मौका मिला है। मैं फिर से वहीं वापस आ गया हूं, जहां मैं हमेशा से रहना चाहता था।

नागरकोटी ने आगे कहा- मैं सीएसके में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं और ऐसा महेंद्र सिंह धोनी सर की वजह से है। खेल के ऐसे दिग्गज खिलाड़ी के साथ या उनके नेतृत्व में खेलना हर क्रिकेटर का सपना होता है।

close whatsapp