जसप्रीत बुमराह ने लेटेस्ट आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में रचा इतिहास, इस अविश्वसनीय उपलब्धि को हासिल करने वाले बने पहले भारतीय गेंदबाज
जसप्रीत बुमराह ने चार मैच में अभी तक 30 विकेट झटके हैं।
अद्यतन - Jan 1, 2025 6:16 pm

भारतीय टीम के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आज यानी 1 जनवरी को इतिहास रच दिया है। लेटेस्ट आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में ना ही सिर्फ बुमराह गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर हैं, बल्कि उन्होंने भारतीय गेंदबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ रेटिंग अंक भी हासिल कर लिया है।
इस समय ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, जिसमें जसप्रीत बुमराह ने काफी अच्छी गेंदबाजी करते हुए तमाम फैंस का दिल जीता है। जसप्रीत बुमराह ने चार मैचों में अभी तक 30 विकेट झटके हैं। हालांकि, उनके घातक प्रदर्शन के बावजूद टीम इंडिया टेस्ट सीरीज में 1-2 से पीछे है।
जसप्रीत बुमराह के फिलहाल 907 रेटिंग अंक है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दिग्गज खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन के नाम था, जिनके 904 अंक थे। इस लिस्ट में पहले स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज सिडनी बार्न्स हैं, जिनके 932 अंक रह चुके हैं, जबकि दूसरे स्थान पर जॉर्ज लोहमन हैं, जिनके 931 अंक थे।
सिडनी में भारतीय टीम की परीक्षा
बता दें कि, मेलबर्न में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट में 200 विकेट लेने वाले सबसे तेज भारतीय तेज गेंदबाज बने थे। उन्होंने सिर्फ 44 टेस्ट में इस शानदार उपलब्धि को अपने नाम किया था और कपिल देव के रिकॉर्ड को तोड़ा था, जिन्होंने यह कारनामा 50 टेस्ट में हासिल किया था।
अपने इसी फॉर्म को अनुभवी तेज गेंदबाज आगे भी जारी रखना चाहेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांचवा और अंतिम टेस्ट 3 जनवरी से सिडनी के सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू हो रहा है। यह मैच जीतना दोनों ही टीमों के लिए काफी महत्वपूर्ण है।
टीम इंडिया को अगर सिडनी टेस्ट में जीत दर्ज करनी है, तो जसप्रीत बुमराह को आक्रामक गेंदबाजी करनी होगी। वहीं बल्लेबाजों को भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।